छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर सियासत तेज, साहू समाज की बैठक को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

Politics on Conversion: छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ साहू समाज की बैठक में धर्मांतरण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के फैसले के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। बैठक में शामिल हुए डिप्टी CM अरुण साव ने जहां धर्मांतरण को लेकर समाज के सजग रहने की बात कही, वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर कानून का सख्ती से पालन नहीं कराने का आरोप लगाया। इस बीच मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिकायत मिलने पर धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी CM साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में समाज से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई। धर्मांतरण के मुद्दे पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और समाज को इस विषय पर सजग रहने की जरूरत बताई गई।
यह भी पढ़ें:- चरण पादुका योजना के टेंडर पर सियासत, सत्ता पक्ष और विपक्ष कांग्रेस आमने-सामने, तेंदूपत्ता संग्राहकों को लेकर सियासी संग्राम
वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने साहू समाज की बैठक और उसमें डिप्टी CM अरुण साव की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार धर्मांतरण को लेकर गंभीर है तो अब तक धर्म स्वातंत्र्य कानून को सख्ती से लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ वोट की राजनीति करती है और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। बैज ने कहा कि सरकार अब तक इसे रोकने के कानून को कड़ाई से क्यों लागू नहीं कर रही है ? इनका काम है बस वोट की राजनीति करते रहो। कोई योजना नहीं है। धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन राम मंदिर में चोरी और चंदा चोरी हुआ है। ये भगवान तक को नहीं बख्श रहे हैं। इधर, मंत्री रामविचार नेताम ने धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम लागू होने के बावजूद उसके तहत FIR दर्ज नहीं होने के सवाल पर कहा कि अगर इस तरह की कोई शिकायत सामने आती है तो प्रशासन गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। (Politics on Conversion)

बैज के बयान पर पलटवार करते हुए रामविचार नेताम ने कहा कि यह अच्छी बात है कि कांग्रेस अब धर्म स्वातंत्र्य कानून को लेकर चिंता जता रही है। उन्होंने कहा कि इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद वे लोग भी मंदिर जाने लगे हैं, जो पहले राम मंदिर का नाम तक नहीं लेते थे। समय के साथ उनका बदला हुआ चेहरा दिखाई दे रहा है। दरअसल, धर्मांतरण का मुद्दा उस समय चर्चा में आया, जब आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय ने कहा था कि आदिवासी समाज के अलावा सबसे ज्यादा धर्मांतरण साहू समाज में हो रहा है। उनके इस बयान के बाद साहू समाज ने बैठक कर धर्मांतरण के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाने का फैसला लिया, जिसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज हो गई।

छत्तीसगढ़ साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि समाज में संस्कार विकास पर काम होगा। धर्मांतरण रुकने के साथ ही परिवार एकजुट होगा। साहू समाज में धर्मांतरित लोगों का सर्वे किया जाएगा और उन्हें समाज में वापस लाया जाएगा। इसके लिए जिला और तहसील स्तर की कमेटी बनाए जाएगी, जो घर-घर जाएगी और लोगों को जागरूक करेगी। समाज के पदाधिकारी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो गांव-गांव और एक-एक परिवार तक पहुंचकर समाज के लोगों से संवाद करेंगी और जागरूकता फैलाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज को संगठित करना, लोगों से संवाद स्थापित करना और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए जल्द ही प्रदेशभर में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। (Politics on Conversion)



