Google Analytics —— Meta Pixel

वोटों को प्रभावित करने बीजेपी ने विपक्ष के हर सांसद को 15-20 करोड़ रुपए दिए: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी

Politics on Cross Voting: उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है, जहां सत्ता पक्ष इसे अपनी जीत बता रहा है। वहीं विपक्ष ने इसे नैतिक और राजनीतिक हार करार दिया है। तृणमूल से लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, राजद और निर्दलीय सांसद तक लगभग सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि विपक्ष इस चुनाव में पूरी तरह एकजुट रहा और भाजपा को वैचारिक लड़ाई में पीछे हटना पड़ा। विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 40% वोट मिले, जिसे विपक्ष के लिए सम्मानजनक प्रदर्शन माना जा रहा है। इस बीच विपक्षी सांसदों के क्रॉस वोटिंग मामले में विवाद शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद ने कहा कि मुझे पता चला कि भाजपा ने विपक्ष के हर सांसद को खरीदने के लिए 15-20 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

यह भी पढ़ें:- Police-Naxal encounter : मुठभेड़ में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि हमारे सभी सांसद उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मौजूद थे और उन्होंने हमारे उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को वोट दिया। यह एक गुप्त मतदान था, इसलिए यह पुष्टि करना मुश्किल है कि क्या कोई क्रॉस-वोटिंग हुई थी या विपक्षी सदस्यों के वोट रद्द कर दिए गए थे। मैंने कुछ सूत्रों से बात की और पता चला कि वोटों को प्रभावित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति पर कथित तौर पर 15-20 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। प्रतिनिधियों को खरीदा जा सकता है, लेकिन जनता को नहीं। समाजवादी पार्टी सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि NDA गठबंधन के इनके साथी या तो वॉकआउट कर गए या इनके साथ खड़े नजर नहीं आए। ये INDIA गठबंधन की कामयाबी है। हम INDIA गठबंधन के अपने 315 वोट गिन रहे थे। 15 वोट आपने अवैध घोषित कर दिए। हमारे लोगों ने कहां क्रॉस वोटिंग की। (Politics on Cross Voting)

चुनाव में पूरी तरह एकजुट खड़ा रहा: जयराम 

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि विपक्ष उपराष्ट्रपति चुनाव में पूरी तरह एकजुट खड़ा रहा। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन निस्संदेह रूप से सम्मानजनक रहा। संयुक्त उम्मीदवार न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बी. सुदर्शन रेड्डी ने 40% वोट हासिल किए। 2022 में विपक्ष को केवल 26% वोट मिले थे। भाजपा की अंकगणितीय जीत वास्तव में नैतिक और राजनीतिक दोनों तरह से हार है। वैचारिक लड़ाई अनवरत जारी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि बी. सुदर्शन रेड्डी सिर्फ कांग्रेस के नहीं, बल्कि पूरे INDIA गठबंधन के उम्मीदवार थे। यह राहुल गांधी और पूरे INDIA गठबंधन का फैसला था और पूरा INDIA गठबंधन बी. सुदर्शन रेड्डी के साथ मजबूती से खड़ा था। मेरा मानना है कि उनके जैसे संविधान की रक्षा करने वाले, न्यायप्रिय व्यक्ति को उस पद पर बैठना चाहिए था। (Politics on Cross Voting)

विपक्ष जनता की आवाज उठाता है: तेजस्वी 

राजद नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव में जो जीते हैं उन्हें बधाई। हमें उम्मीद है कि वे सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को साथ लेकर चलेंगे, संविधान की रक्षा करेंगे, संसद को कानून के हिसाब से चलाएंगे। विपक्ष जनता की आवाज उठाता है, सरकार की कमियां बताता है, इसलिए हमें उम्मीद है कि कोई पक्षपात नहीं होगा। हमारी तरफ से क्रॉस वोटिंग नहीं हुई है। हमारे 9 सांसदों ने मजबूती से एक पक्ष में वोट किया है, हम एकजुट रहे हैं, जो हुआ या नहीं हुआ, उसे संसद में नेता देखेंगे। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि अगर चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई है तो इंडिया गठबंधन के हर दल को गंभीरता से जांच करनी चाहिए। यह बेहद गंभीर मामला है। अगर इसमें जरा भी सच्चाई है तो व्यवस्थित और निष्पक्ष जांच जरूरी है। NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि अगर मतदान गुप्त था, तो भाजपा को कैसे पता कि किसने किसे वोट दिया। (Politics on Cross Voting)

एजेंसियों के दम पर ब्लैकमेल किया होगा: सावंत 

शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि जिन सांसदों ने वोट अमान्य किए, क्या वे पढ़े-लिखे हैं या मूर्ख? क्या उन्होंने अपनी अंतरात्मा से वोट दिया या उनके वोट खरीदे गए ? भाजपा ने विश्वासघात के बीज बोए हैं। सभी एजेंसियां भाजपा की गुलाम हैं। उन्होंने इन एजेंसियों के दम पर ब्लैकमेल किया होगा। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ये लोग क्रॉस वोटिंग करवाने में माहिर हैं, ये हर पार्टी को ED, CBI दिखाकर डराकर रखते हैं, जिस तरह BJD ने वोट नहीं दिया, ये भाजपा का दूसरा धड़ा है, पहले धड़े ने वोट दिया, लेकिन दूसरे ने नहीं दिया, जिन्होंने INDIA गठबंधन के साथ रहकर दगा किया, उन्हें अपनी आत्मा से पूछना चाहिए कि क्या उन्होंने लोकतंत्र के मंदिर, संविधान का भला किया है ? अगर कोई संविधान की रक्षा कर सकता है तो वह राहुल गांधी और INDIA गठबंधन है। (Politics on Cross Voting)

Back to top button
error: Content is protected !!