Google Analytics —— Meta Pixel

क्रॉस वोटिंग से खुली INDIA गठबंधन की पोल, हर चुनाव के बाद विपक्ष का रोना-धोना जारी है: बीजेपी

NDA on Cross Voting: उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन की बड़ी जीत के बाद अब भाजपा और NDA ने विपक्ष पर जोरदार पलटवार किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्षी दलों के भीतर फूट साफ दिख गई है और कई सांसदों ने अंतरात्मा की आवाज पर एनडीए उम्मीदवार को वोट दिया। जबकि विपक्ष 315 सांसदों के एकजुट होने का दावा करता रहा, लेकिन नतीजों ने उनकी पोल खोल दी। बीजेपी ने कहा कि क्रॉस वोटिंग विपक्षी गठबंधन में आंतरिक मतभेद और फूट को दिखाता है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने तंज कसते हुए कहा कि INDIA गठबंधन के कुछ सांसदों को धन्यवाद, जिन्होंने ‘अंतरात्मा की आवाज’ पर NDA कैंडिडेट सीपी राधाकृष्णन को वोट दिया।

यह भी पढ़ें:- वोटों को प्रभावित करने बीजेपी ने विपक्ष के हर सांसद को 15-20 करोड़ रुपए दिए: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी

दरअसल, भाजपा का दावा है कि विपक्षी दलों की तरफ से 15 क्रॉस वोटिंग हुई है। जबकि कुछ विपक्षी सांसदों ने जानबूझकर अमान्य वोट डाले। वोटिंग के बाद विपक्ष ने अपने सभी 315 सांसद एकजुट होने का दावा किया। हालांकि नतीजों में ऐसा नहीं दिखा। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं सी.पी. राधाकृष्णन को भारत के नए उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति बनने पर बधाई देता हूं। हमने पहले ही कहा था कि उन्हें उम्मीद से ज्यादा वोट मिलेंगे, वे रिकॉर्ड मतों से जीते हैं, जहां तक विपक्ष की बात है, उनका रोना-धोना पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। कोई भी चुनाव हो, जब जनता कांग्रेस और उसके साथियों को हरा देती है, तो वे कभी EVM, कभी VVPAT, कभी चुनाव आयोग और कभी पूरे सिस्टम को दोष देते हैं। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यह गुप्त मतदान होता है तो गुप्त मतदान का मतलब यही है कि एक व्यक्ति दलगत भावना से ऊपर उठकर देशहित में मतदान करे। (NDA on Cross Voting)

हमारी अपेक्षा से ज्यादा क्रॉस वोटिंग हुई: मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि हमारे सभी लोगों ने वोट दिया है। हमारी अपेक्षा से ज्यादा क्रॉस वोटिंग हुई है। INDIA गठबंधन को अपनी आपसी फूट पर सतर्क रहना चाहिए। बेहतर होगा कि वे चोरी की बात भूलकर आपसी समन्वय की बात करें। केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव था। उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष को पता था कि उनके पास बहुमत नहीं है, फिर भी उन्होंने अपना उम्मीदवार खड़ा किया और आखिरी समय में लोगों को भ्रमित किया। वे अंतरात्मा की आवाज की बात करते थे, इसलिए जब लोगों ने अंतरात्मा की आवाज पर वोट दिया तो विपक्षी गठबंधन बिखर गया। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि INDIA गठबंधन में दरार पड़ रही है। हमने पहले भी कहा था कि हमारी जीत का अंतर बहुत बड़ा होगा, क्योंकि उन लोगों ने कहा था कि अंतरात्मा की आवाज पर वोट करें और लोगों ने वैसा ही किया।

INDIA गठबंधन में एकमत नहीं: अठावले

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि महाविकास अघाड़ी के भी 5 वोट सी.पी. राधाकृष्णन को मिले हैं। INDIA गठबंधन में एकमत नहीं है। INDIA गठबंधन के कुछ लोग हमारे साथ आना चाहते हैं। ये हमारे लिए बड़ी जीत है। मैं सी.पी. राधाकृष्णन को हार्दिक बधाई देता हूं, शुभकामनाएं देता हूं। ओडिशा की डिप्टी CM प्रवती परिदा ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि हमारे उम्मीदवार जीतेंगे, NDA के घटक दलों ने NDA उम्मीदवार को जिताने के लिए वोट दिया, हम सभी का धन्यवाद करते हैं और नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति को बधाई देते हैं। पुडुचेरी भाजपा अध्यक्ष वी.पी. रामलिंगम ने कहा कि सी. पी. राधाकृष्णन ने भारी अंतर से भारत के नए उपराष्ट्रपति के रूप में चुनाव जीता है। हम भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक धन्यवाद और बधाई देते हैं, जिन्होंने तमिलों को बड़ी पहचान और गौरव दिलाया है। (NDA on Cross Voting)

INDIA गठबंधन के लोगों को सोचना चाहिए: चौधरी

बिहार राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि विरोधियों का वोट भी हमें मिलने का काम हुआ है। INDIA गठबंधन के लोगों को सोचना चाहिए कि जो लोग उनके साथ हैं, वो भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं और उनके उम्मीदवारों को वोट करते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओ.पी. राजभर ने कहा कि ये लोकतंत्र है और मताधिकार का प्रयोग कर जनता जिसको चुन ले तो जनता ने वोट देकर सांसद बनाया और सांसद ने वोट दिया तो उपराष्ट्रपति चुना गया। जनादेश सांसद को मिला और सांसद ने जनादेश उपराष्ट्रपति को दे दिया। LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि जिस तरह से NDA के उम्मीदवार को भारी बहुमत से जिताया गया है, यह दिखाता है कि राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत हुई है। राष्ट्रहित में इस निर्णय को लिया गया है। सी.पी. राधाकृष्णन एक कद्दावर व्यक्तित्व हैं। (NDA on Cross Voting)

हमें अत्याधिक वोट मिला है: नित्यानंद राय

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि सी.पी. राधाकृष्णन जीते हैं और आगे आने वाले समय में वो विकसित भारत की यात्रा में सहयोगी होंगे। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि सी.पी. राधाकृष्णन देश के उपराष्ट्रपति बन गए हैं, मैं उनको बहुत शुभकामनाएं देता हूं। यह महाराष्ट्र के लिए बहुत बड़ी बात है और NDA के लिए एक बड़ी जीत है। जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि यह परिणाम निर्णायक जीत रही, जो सांसद NDA में नहीं हैं, उनका भी समर्थन सी.पी. राधाकृष्णन को मिला है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि उपराष्ट्रपति का पद संवैधानिक पद होता है और शानदार जीत हुई है NDA के उम्मीदवार की। हमें अत्याधिक वोट मिला है, जो यह संदेश देता है कि विपक्ष ने जो चाल चली थी और उन्हें जो करारा हार मिला है इससे स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष सिर्फ लड़ाई झगड़े के लिए अपनी ताकत और बुद्धि लगाती है।

14 विपक्षी सांसदों के क्रॉस वोटिंग की अटकलें

राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख और सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव में अंदाजे से ज्यादा वोट NDA उम्मीदवार को मिले। बिहार विधानसभा चुनाव में भी अंदाजे से ज्यादा वोटों से NDA जीतेगा और सरकार बनाएगा। जनता NDA के पक्ष में है और रहेगी। बता दें कि 9 सितंबर को हुए मतदान में 788 में से 767 यानी 98.2% सांसदों ने वोट डाला। राधाकृष्णन को 452 वोट और सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। 15 वोट अमान्य करार दिए गए। NDA उम्मीदवार राधाकृष्णन ने INDIA कैंडिडेट सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया। NDA के पास 427 सांसद थे। वाईएसआर कांग्रेस के 11 सांसदों का समर्थन जोड़कर कुल 438 वोट बनते थे, लेकिन राधाकृष्णन को 452 वोट मिले। यानी कम से कम 14 विपक्षी सांसदों के क्रॉस वोटिंग की अटकलें हैं। (NDA on Cross Voting)

Back to top button
error: Content is protected !!