संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी संग्राम, कांग्रेस-सपा समेत विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा

Politics on Delimitation Bill: 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के साथ ही देश की राजनीति गरमा गई है। प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, RJD और JMM समेत विपक्षी दलों ने सरकार की मंशा और सत्र के एजेंडे पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन का राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं बीजेपी और NDA नेताओं ने इसे महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और परिसीमन को संवैधानिक जरूरत बताते हुए विपक्ष से सहयोग की अपील की है। खास बात यह है कि विपक्षी सांसदों का कहना है कि उन्हें अब तक प्रस्तावित विधेयकों का स्पष्ट एजेंडा नहीं बताया गया है। ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र में टकराव के आसार बढ़ गए हैं।
यह भी पढ़ें:- संसद के विशेष सत्र को लेकर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने कहा- दलों में फूट डाल रही सरकार
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि वोट चोरी, संसद चोरी और सबसे बढ़कर इस देश का संविधान चोरी। महिला आरक्षण पर हमने साथ दिया। हमने पहले शुरुआत की थी। जब महिला आरक्षण आया था, पूरी ताकत से हमने इसे पारित करवाया, इंडिया गठबंधन ने इसे पारित करवाया। क्या झूठ, क्या बेईमानी, क्या राजनीतिक छलावा, कब महिला आरक्षण ले आएंगे और कब परिसीमन लाएंगे। महिला आरक्षण तो हम पारित कर चुके हैं। मोदी जी आपकी नीयत खराब है। आप उसे लागू नहीं कर रहे हैं। अब परिसीमन लाने के लिए महिला आरक्षण का नाम ले रहे हैं। मैं साफ कर दूं कि हम महिला आरक्षण के पक्ष में थे, हैं और उसे पारित करवा दिया। अब उसे लागू करो, जहां तक परिसीमन का सवाल है तो हमने उसका विरोध किया था, उस पर आप कोई चर्चा ही नहीं कर रहे हैं। आइए हम मिलकर चर्चा करते हैं। आप उसके पहले ही उसे पारित कर देंगे? कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विशेष सत्र बुला रहे हैं। महिला आरक्षण बिल पहले पास हो चुका है। हमारी पार्टी का मत साफ है। (Politics on Delimitation Bill)
360 का आंकड़ा ये कैसे प्राप्त करेंगे ?: मनोज कुमार
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले परिसीमन पर चर्चा हुई थी, वोटिंग भी हुई और उसमें भाजपा की हार भी हुई थी। NDA गठबंधन की हार हुई थी। ये 300 का आंकड़ा नहीं छू पाए थे। 360 का आंकड़ा कैसे ये प्राप्त करेंगे? तब से लेकर अब तक काफी उठा-पटक हुई। कई राज्यों में इन्होंने क्या-क्या किया, बंगाल में इन्होंने क्या-क्या किया, सभी के सामने है। किस प्रकार से इन लोगों ने लोकतंत्र को मजाक उड़ाया, किस प्रकार से संविधान की धज्जियां उड़ाई, कैसे- कैसे बंगाल में किया और आखिर में 20 सांसद टीएमसी को छोड़ दिए। मुझे लगता है कि अभी जो स्थिति है वो गंभीर है। यहां की जनता को समझना होगा कि बीजेपी जो कर रही है, क्या जनता उससे खुश है या फिर नाखुश है। अब तो सदन में 30 तारीख को हम लोग जाएंगे तो पता चलेगा कि ये बिल आएगा या नहीं आएगा। क्यों विशेष सत्र बुलाया गया है, क्योंकि अभी तक हम लोगों को कोई सूचना नहीं है। कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इस पर क्या कहना है? एक तो सत्र लगातार कम होते जा रहा है। यह चिंता का विषय है। लोकतंत्र में ज्यादा से ज्यादा सत्र चलते हैं तो लोगों की समस्याएं उजागर होती हैं और उनका समाधान करने का मौका मिलता है। (Politics on Delimitation Bill)
सरकार में जिद्द नहीं होनी चाहिए: अखिलेश प्रसाद
उन्होंने कहा कि यह 3 दिन का एक तो इन्होंने शीतकालीन सत्र ऐसे ही समाप्त कर दिया। लोग उम्मीद कर रहे थे कि अब शीतकालीन सत्र आएगा, लेकिन 3 दिन का विशेष सत्र बुलाया है। इस पर कुछ नहीं कहना है। जो बिल गिरा था, वो जिद्द है, सरकार में जिद्द नहीं होनी चाहिए। सरकार को समझ आना चाहिए कि क्या करना है, क्या लोग चाहते हैं और उसके अनुसार अपने बिल को बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि सरकार विशेष सत्र बुला रही है। विशेष सत्र के जरिए सरकार, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री एक बार फिर देश की आवाम के साथ साजिश रचना चाहते हैं। विशेष सत्र की जगह शीतकालीन सत्र बुलाना चाहिए था जिसमें वोट चोरी के विषय पर चर्चा होनी चाहिए। फिर से उनका परिसीमन पर बिल गिरेगा। परिसीमन पर बिना सर्वदलीय बैठक किए, बिना चर्चा करवाए अपने अहंकार में ये आनन-फानन में बिल लाना चाहते है क्योकिं उत्तर प्रदेश में चुनाव है। सपा सांसद अवेधश प्रसाद ने कहा कि जहां तक महिला आरक्षण बिल का सवाल है, वो सर्वसम्मत से बहुत पहले पारित हो चुका है। सरकार ने उसे लागू नहीं किया। अब महिला आरक्षण बिल के बहाने कोई जबरदस्त खेल खेलना चाहते हैं जो राष्ट्र हित में नहीं है। अब इसमें समाजवादी पार्टी के लोगों की भूमिका क्या होगी, इंडिया गठबंधन की क्या भूमिका होगी, यह हमारे नेताओं पर निर्भर करता है। अब क्या रणनीति बनाई जाती है, इंडिया गठबंधन के नेता क्या रणनीति बनाएंगे, उसी के आधार पर उस दिन काम होगा।
लोकतंत्र और संसद का मजाक बना कर रख दिया है: राजीव
सपा नेता राजीव राय ने कहा कि सरकार ने लोकतंत्र और संसद का मजाक बना कर रख दिया है। 7 महीने बाद विशेष सत्र ला रहे हैं। 7 महीने इन्होंने खरीदो, तोड़ो, धमकाओ की राजनीति की है। इससे साबित होता है कि जनता ने इन्हें जो अधिकार दिया था कि बैसाखी के सहारे सरकार चलाएंगे तो ये जनता को भी ठेंगा दिखा रहे हैं। जो परिसीमन बिल लाने की बात हो रही है, ये देश के लिए खतरनाक होगा। उत्तर और दक्षिण के बीच जो सीटों के मामले में खाई है वो और बढ़ जाएगी। सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि प्रतिपक्ष को अभी तक पता नहीं है कि क्या ये बिल लाने वाले हैं? यह अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण है। संसदीय जनतंत्र की जो स्वस्थ परंपराएं थी, इन सभी को नष्ट कर रहे हैं। पहले जब संसद सत्र चलता था, तो कुल मिलाकर प्रतिपक्ष के लोगों को भी विश्वास में लिया जाता था। कुल मिलाकर इन्होंने संसदीय जनतंत्र का गला घोंट दिया है। सत्र होने वाला है और प्रतिपक्ष को ये जानकारी नहीं है कि उसका एजेंडा क्या होगा, ये अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण है। (Politics on Delimitation Bill)
ये कौन सी चाणक्य नीति है?: राजद सांसद मनोज झा
राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि मानसून सत्र कब खत्म हुआ था, अभी तक तो खत्म नहीं हुआ? कभी सुना है कि जाड़े की ऋतु में मानसून चल रहा हो। ये कौन सी चाणक्य नीति है? आप क्या चाहते हैं कि लोकतंत्र का गला घोंटकर रख दें? ये गला घोंटु अभियान है और ये परिसीमन तो बिल्कुल नहीं है। यह लोकतंत्र का विनाश है और मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि जो इनका उद्देश्य है, इन्होंने जो असम में किया, ये चाहते हैं कि पूरे देश में करें और यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। JMM सांसद महुआ माजी ने कहा कि महिला आरक्षण क्यों कहा जा रहा है? गृह मंत्री ने भी ट्वीट किया है कि महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा। हम महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, इसीलिए 2023 में हम लोगों ने महिला आरक्षण के पक्ष में वोट किया। हमने सहमति जताई और वह पारित हो चुका है। ठीक चुनाव के पहले जनता के सामने विपक्ष की छवि खराब करने के लिए इस तरह का एक सत्ता पक्ष षड्यंत्र रच रही है। NCP-SCP की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि जब तक एजेंडा नहीं मिलता मैं कुछ नहीं कह सकती। मैंने बिल नहीं देखा है। मुझे परिसीमन विधेयक के बारे में कुछ नहीं पता।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार
वहीं विपक्षी नेताओं के बयानों पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैंने पहले ही ऐसी टिप्पणियां न करने की अपील की है। संसद में कई सत्र होते हैं मानसून, शीतकालीन और बजट सत्र और जरूरत पड़ने पर विशेष सत्र भी बुलाए जाते हैं। संसद के भीतर सदस्य अपने विचार खुलकर रखने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि सदन सुचारू रूप से काम करे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संसद का विशेष सत्र केंद्र सरकार ने बुलाया है और सत्र अपने आप में बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। जब भारत की संसद चलती है, दोनों सदन चलते हैं और महिलाओं के मुद्दे हों या जो भी महत्वपूर्ण मुद्दे हों; विपक्ष को सकारात्मक रूप से सहयोग करना चाहिए। हालांकि पिछले कुछ दिनों में अपनी राजनीति चमकाने के लिए केवल शोर-शराबा, हल्ला-गुल्ला, अराजकता का माहौल बनाना; यह सब विपक्ष ने किया है, जिसको पूरे देश के लोगों ने देखा है। लेकिन इस बार लगता है कि उनको सहयोग करना चाहिए। भाजपा नेता मंगल पांडे ने कहा कि राष्ट्र हित में लाया जाने वाला बिल है। महिलाओं को सम्मान देने वाला बिल है और महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने वाला बिल है।
टकराव का सवाल नहीं खड़ा होता है: गुरु प्रकाश
उन्होंने कहा कि आधी आबादी के विकास को अवरुद्ध करके राष्ट्र का विकास नहीं कर सकते। आधी आबादी को उसके अधिकार से वंचित करके संपूर्ण देश के लोगों को संवैधानिक अधिकार नहीं दे सकते। इसलिए महिला आरक्षण बिल राष्ट्र हित में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह महिला आरक्षण बिल पास होगा। कांग्रेस कितना भी नाक रगड़ ले उसे सफलता नहीं मिल पाएगी। भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि यह लगभग चार बार हो चुका है, 1952, 1963, 1973, 2002। उस समय किसी को आपत्ति नहीं थी। अब प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में कुछ भी हो तो उससे कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं को आपत्ति है। यह कैसा दोहरा मापदंड है? 1952 में इस देश में 17 करोड़ मतदाता थे और लोकसभा की सीटें थी 489। अब पांच गुना ज्यादा मतदाता बढ़ गए हैं, यानी उन आंकड़ों को अगर देखा जाए तो अब 2,500 के आसपास सांसद होने चाहिए। भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि टकराव का सवाल नहीं खड़ा होता है, परिसीमन एक संवैधानिक आवश्यकता है, समय-समय पर परिसीमन होता है। विपक्ष इसमें भी अड़ंगा लगाए तो ये तो ये समझ से परे है। नारी विरोधी, महिला विरोधी विपक्ष का चरित्र तो पहले ही साफ हो गया था कि वो सदन में महिलाओं को देखना नहीं चाहते हैं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके उन्होंने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
CM साय ने कांग्रेस पार्टी पर बोला हमला
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अच्छा है स्पेशल सत्र बुलाया जा रहा है। यह सब आएगा तो लाभ होगा डीलिमिटेशन का फायदा होगा। क्षेत्र बढ़ेंगे लोकसभा विधानसभा में ज्यादा लोगों को प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। महिलाओं के लिए अच्छे अवसर आएंगे। महिला आरक्षण बिल भी लागू होगा तो भी फायदा होगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन हो चुकी है,चुनाव हार-हार के बौखला गई है। कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है, इसलिए अनर्गल बातें करते हैं यह लोग वोट चोरी करते रहे वोट टेंपरिंग करते रहे। चुनाव जीत जाते हैं तो EVM ठीक होता है चुनाव आयोग भी ठीक होता है। हारते हैं तो हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ते हैं। यह तो खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की तरह है । JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि संसद का 3 दिन का विशेष सत्र और इसमें परिसीमन के साथ-साथ महिला विधेयक जो चिर प्रतीक्षित मांग है कि उनको आरक्षण की सुविधा मिलनी चाहिए; अब संसद का विशेष सत्र है और विपक्ष इसकी आलोचना कर रहा है। संसद के सत्र में जब आपको बोलने का मौका मिलेगा तो आप संसदीय तरीके से अपनी बात को कहिएगा, लेकिन क्या आप परिसीमन के विरोधी हैं? क्या महिला आरक्षण के विरोधी हैं? यह विपक्ष को स्पष्ट करना चाहिए।
3 दिसंबर 2026 को सत्र समाप्त होने की संभावना
दरअसल, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कल ट्वीट कर कहा था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाएं। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है। लोकसभा सचिवालय ने कहा कि अठारहवीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा भाग सोमवार, 30 नवंबर 2026 से शुरू होगा। सरकारी कामकाज की आवश्यकताओं को देखते हुए, यह सत्र गुरुवार, 3 दिसंबर 2026 को समाप्त होने की संभावना है। फिलहाल संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष जहां परिसीमन के बहाने राजनीतिक समीकरण बदलने की आशंका जता रहा है, वहीं सत्ता पक्ष इसे महिला सशक्तिकरण और संवैधानिक प्रक्रिया से जोड़कर देख रहा है। अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र पर है। देखना होगा कि सदन में इन मुद्दों पर सार्थक चर्चा होती है या फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव से संसद का कामकाज प्रभावित होता है।



