DMK की दूरी से INDIA गठबंधन में बेचैनी, नेताओं के अलग-अलग सुर, 8 जून की बैठक पर सियासत तेज

Politics on INDIA Alliance Meeting: दिल्ली में 8 जून को होने वाली INDIA गठबंधन की अहम बैठक से पहले सियासी तापमान बढ़ गया है। तमिलनाडु में कांग्रेस और DMK के रिश्तों में आई दरार अब राष्ट्रीय राजनीति में भी असर दिखाने लगी है। DMK की ओर से बैठक का बहिष्कार किए जाने के फैसले पर विपक्षी दलों के नेताओं ने संयम और संवाद की सलाह दी है, जबकि भाजपा ने इसे INDIA गठबंधन के बिखराव का संकेत बताया है। संजय राउत से लेकर मनोज झा और कांग्रेस नेताओं तक सभी ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, वहीं NDA नेताओं ने कांग्रेस पर सत्ता की राजनीति का आरोप लगाया है। 8 जून की बैठक से पहले DMK की नाराजगी अब विपक्षी एकता के लिए बड़ी चुनौती बनती दिख रही है।
यह भी पढ़ें:- श्रमिक परिवारों के बच्चों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने कहा कि INDIA गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली में 8 जून को होनी है। हम सोचेंगे कि क्या करना है। महाराष्ट्र में भी बहुत काम हैं। बात रही DMK की तो जब चुनाव हुआ, तमिलनाडु के नतीजे आ गए, उसके बाद वहां परिवर्तन हुआ और कांग्रेस TVK के साथ सत्ता में शामिल हो गई तो उसी दिन DMK ने INDIA गठबंधन से अपना नाता तोड़ दिया तो मुझे नहीं लगता कि DMK से कोई उस बैठक में आएगा। अब INDIA गठबंधन को TVK के रूप में नया सदस्य मिला है तो उनके बारे में चर्चा होगी। DMK के INDIA गठबंधन की बैठक का बहिष्कार करने पर उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि DMK को संयम रखना चाहिए था, जिस तरह से तमिलनाडु में स्थिति बनी है, उसके अनुसार कांग्रेस के सामने कोई दूसरा पर्याय नहीं है।
परिवार में अनबन होती है: दुबे
शिवसेना UBT आनंद दुबे ने कहा कि जब परिवार होता है, तो परिवार में अनबन होती है। हमारा INDIA गठबंधन एक परिवार है। उसमें बहुत सारे दल एक-दूसरे के खिलाफ बात करते हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस, TMC और कांग्रेस में कभी अनबन हो जाती है। अभी DMK थोड़ी नाराज़ है, हम उन्हें मनाने की कोशिश करेंगे। अगर INDIA गठबंधन एक परिवार है और परिवार को आगे बढ़ाना है तो अपने व्यक्तिगत लाभ-हानि को भूलना पड़ता है। DMK की नाराजगी स्वाभाविक है। कई बार बड़े मिशन के लिए छोटी-छोटी चीजों को भूलना पड़ता है, हम चाहेंगे कि वे बैठकर बातचीत करें और जो उनकी दूरियां, नाराजगी है वह दूर हों। राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि राजनीति का ये स्वरूप होता है। जाहिर तौर पर एक पुराना रिश्ता अलग दिशा में चला गया है। मुझे लगता है कि इसे समय ही भरेगा। कई चीजें समय के साथ-साथ बदल जाती हैं।
आखिर DMK ऐसा क्यों न करे?: गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आखिर DMK ऐसा क्यों न करे? कारण यह कि कांग्रेस और DMK ने मिलकर चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस में सत्ता की भूख ऐसी जगी कि उन्होंने तमिलनाडु में सत्ता के लिए सारी मर्यादा को तोड़ दिया। सत्ता के लिए राहुल गांधी इतने व्याकुल हैं कि भारत में गृह युद्ध भी हो जाए, उनकी मानसिकता यही रहेगी। भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि INDI गठबंधन नाम की इस धरती पर कोई वस्तु नहीं बची है। ये गठबंधन तो कबका खत्म हो चुका है। इसमें तो सब बारी-बारी बिछड़ गए हैं। कई लोग साथ छोड़कर गए हैं। लोकसभा चुनाव में ये दल साथ रहते हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में साथ नहीं रहते। INDI गठबंधन नाम की कोई चीज नहीं बची है। अब DMK ने भी इनका साथ छोड़ दिया है। ये हालत हो चुकी है INDI गठबंधन की।
पिछड़ों, दलितों, मुसलमानों को धोखा दिया: राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि निश्चित है कि DMK के नेता ने जो कदम उठाया है, सही कदम उठाया है। कांग्रेस के लोगों ने लंबे समय तक पिछड़ों, दलितों, मुसलमानों को धोखा दिया, जहां उनका स्वार्थ सिद्ध होता है, वे वहीं चले जाते हैं। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि कांग्रेस DMK के साथ होने के बावजूद भी वहां सरकार बनाने की कोई गुंजाइश नहीं थी। कांग्रेस ने यह बात ध्यान में रखते हुए अपना फैसला लिया कि BJP इस स्थिति का फायदा उठाएगी। उन्हें समझाना होगा, INDIA गठबंधन बरकरार रहेगा। कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि INDIA गठबंधन में जो पार्टियां हैं, वे विचारों से प्रेरित पार्टियां हैं, जो पार्टियां विचारों से प्रेरित नहीं हैं और भाजपा की ED-CBI से डरती हैं, वे अलग होंगी।



