झीरम घाटी हमले का जख्म फिर हरा, सबूतों पर सियासी संग्राम तेज, बयानबाजी में उलझी सियासत

Politics on Jhiram Attack: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद और झीरम घाटी हमले को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। सोशल मीडिया पर प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्री आमने-सामने हैं। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब बीजेपी और कांग्रेस भी खुलकर मैदान में उतर आई हैं। पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अखबार की कतरन पोस्ट करते हुए पूर्व CM और विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह पर निशाना साधा। इस पर रमन सिंह ने कहा कि आपकी जेब में तो झीरम घाटी नक्सल वारदात के सबूत थे, लेकिन जब जेब में हाथ डालते हैं, तब सिर्फ आप अखबार की एक कतरन ही निकालते हैं।
यह भी पढ़ें:- शराब घोटाला मामले में जांच में तेज, EOW के रडार पर कांग्रेस कार्यालय के 4 कर्मचारी, बैज ने बताया राजनीतिक कार्रवाई
डॉ. रमन सिंह ने आगे कहा कि दूसरों पर कीचड़ उछालकर अपने दाग नहीं छुपाए जा सकते, एक बार आईने में देखिए कि आपने सत्ता के 5 सालों में सिर्फ दोषारोपण ही किया है। इस पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि आपकी पार्टी ने जांच होने कहां दी डॉक्टर साहब! पता नहीं कि क्या डर है आप लोगों के मन में। कोर्ट जा जाकर जांच रोकते रहे। जांच में सबूत दिए जाएंगे ना! जैसी हम चाहते हैं जांच करवा दीजिए, सबूत दे देंगे। सोच लीजिएगा, आपको पछताना ना पड़े। इस पर बीजेपी ने पलटवार किया है। साथ ही कहा कि सरकार तुम्हारी थी, तुम मुख्यमंत्री थे, सबूत तुम्हारी जेब में थे, फिर किस अपने को बचाने के चक्कर में थे भूपेश जी ? पछताना तो तुम्हें पड़ेगा।

बीजेपी ने आगे कहा कि नाम थे या सिर्फ था बयानबाजी का खेल, झीरम के सच से क्यों भागे भूपेश बघेल ? कभी बड़े भरोसे के साथ कहा गया कि मेरे पास झीरम के आरोपियों की पूरी जानकारी है। सवाल उठाए गए, इशारे किए गए और सियासत गरमाई गई, लेकिन जब जिम्मेदारी आई, जब पांच साल तक सत्ता हाथ में रही, तब एक भी नाम सामने नहीं आया। क्या उनके पास साक्ष्य था ? या फिर केवल बयानबाजी का सहारा लेकर जनभावनाओं से खेला गया ? फिर बहस की चुनौती दी जा रही है, लेकिन सवाल आज भी वही है कि सच था तो उजागर क्यों नहीं किया ? और अगर नहीं था तो जनता को गुमराह क्यों किया ? (Politics on Jhiram Attack)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डॉ रमन सिंह की जब सरकार थी तो भूपेश बघेल कहते थे कि झीरम घाटी का सबूत हमारे जेब में है। सरकार में थे तो ना उन्होंने झीरम घाटी की जांच करवा पाए, न ही जेब वाला सबूत निकला। इस पर PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि भाजपा नक्सलवाद के नाम पर राजनीति कर रही है। जबकि कांग्रेस ने नक्सलवाद को खत्म करने के लिए आहुति दी थी, झीरम कांड में कांग्रेस के नेता शहीद हुए। साथ ही बस्तर के लोगों ने भी नक्सलवाद को खत्म करने में अपना-अपना सहयोग प्रदान किया। बैज ने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की पॉलिसी के चलते ही नक्सली राष्ट्रीय राजमार्ग से 30 किलोमीटर अंदर चले गए थे। (Politics on Jhiram Attack)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया पलटवार
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस को डबल इंजन सरकार और जवानों के साहस की तारीफ करनी चाहिए। विपक्षी कांग्रेस गलतफहमी पैदा कर रही है, जो सही नहीं है। बता दें कि झीरम घाटी में हुआ हमला छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे बड़ी नक्सली घटनाओं में से एक है। 25 मई 2013 को झीरम घाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस नेताओं के काफिले पर घात लगाकर हमला किया था। यह काफिला परिवर्तन यात्रा से लौट रहा था। नक्सलियों ने पहले सड़क पर IED ब्लास्ट किया, जिससे काफिला रुक गया। इसके बाद चारों तरफ से घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस हमले में करीब 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा, नंद कुमार पटेल और विद्याचरण शुक्ल जैसे नाम शामिल थे।
नक्सलियों ने ली थी हमले की जिम्मेदारी
नक्सलियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। महेंद्र कर्मा सलवा जुडूम अभियान के प्रमुख चेहरे थे, जिससे नक्सली उन्हें मुख्य निशाना मानते थे। इस हमले के बाद पूरे देश में सनसनी फैल गई थी। नक्सलवाद के खिलाफ रणनीति पर बड़े सवाल उठे थे। इस हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से लेकर SIT तक ने की, लेकिन आज भी कई सवाल अनसुलझे हैं। झीरम घाटी हमले को लेकर लगातार राजनीति होती रही है, क्योंकि आरोप लगते हैं कि साजिश के पीछे असली जिम्मेदारों का पूरा सच अब तक सामने नहीं आया। अब फिर झीरम घाटी हमले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है कि क्या सच सामने आएगा या फिर यह मुद्दा सिर्फ सियासत तक ही सीमित रह जाएगा।



