कोरिया हत्याकांड पर सियासत तेज, बैज बोले- सरकार के संरक्षण में चल रहा माफिया राज, मंत्री कश्यप का पलटवार
Politics on Koriya Murder: कोरिया जिले में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को जिंदा जलाकर मारने की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना को प्रदेश में बढ़ते माफिया राज और अवैध रेत कारोबार का परिणाम बताते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि राज्य सरकार अवैध उत्खनन पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें:- कोरिया में रेत कारोबार की रंजिश ने ली तीन जानें, हूटर विवाद से शुरू हुआ तनाव, वर्चस्व की लड़ाई में भड़की खूनी हिंसा
PCC चीफ दीपक बैज ने कोरिया हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में रेत माफिया पूरी तरह हावी हो चुका है और उसे सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा नेताओं के संरक्षण में अवैध रेत उत्खनन हो रहा है और इसी वजह से इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। बैज ने कहा कि जिस व्यक्ति की हत्या हुई वह भी भाजपा का नेता था और जिस पर हत्या का आरोप है, वह भी भाजपा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट है कि रेत कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई अब भाजपा नेताओं के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेत खनन को लेकर गैंगवार चल रहा है। सत्ता के संरक्षण में भाजपा नेता एक-दूसरे के खून के प्यासे बन चुके हैं। माफिया राज और गुंडाराज हावी है। भाजपा के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा- किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी है और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है और मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में है। पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री के बयान के बाद यह संकेत मिले हैं कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एजेंसियों को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दे चुकी है। (Politics on Koriya Murder)
मंत्री कश्यप ने कांग्रेस के आरोपों को बताया निराधार
वहीं कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार अवैध उत्खनन पर लगातार कार्रवाई कर रही है और कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगा रही है। कश्यप ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान जिन रेत खदानों का संचालन हुआ था, वहां व्यापक स्तर पर अव्यवस्था और अनियमितताएं देखने को मिली थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार उन व्यवस्थाओं को सुधारने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की बनाई हुई व्यवस्थाओं को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। पहले जहां-जहां ठेके दिए गए थे, वहां लंबी-लंबी सुरंगें बन गई थीं और सड़कों पर रेत के बड़े-बड़े डंप लगे रहते थे। आज ऐसी स्थिति नहीं है। कहीं कोई घटना होती है तो तत्काल कार्रवाई की जाती है, ताकि किसी भी तरह के अवैध कारोबार या संरक्षण को बढ़ावा न मिले। (Politics on Koriya Murder)
हत्याकांड को लेकर बढ़ा राजनीतिक तापमान
कोरिया जिले के नौगई गांव में हुए इस चर्चित हत्याकांड में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के पीछे रेत कारोबार और पुरानी रंजिश को प्रमुख वजह माना जा रहा है। कोरिया हत्याकांड अब सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। कांग्रेस जहां इसे भाजपा शासन में बढ़ते माफिया राज और कानून-व्यवस्था की विफलता से जोड़ रही है, वहीं भाजपा सरकार निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है। ऐसे में अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं, जिससे इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।



