कांग्रेस के पूर्व विधायक मिंज पर राजद्रोह के तहत केस दर्ज करने की मांग, मुख्यमंत्री साय के सलाहकार ने भी घेरा

Politics on Minj Post: कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज के पोस्ट पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच छत्तीसगढ़ बीजेपी के ऑफिशियल अकाउंट से कहा गया कि कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज की भाषा देखकर लग रहा है, जैसे ‘पाकिस्तान के पेरोल’ पर है। दरअसल, ये लड़ाई दो नहीं ढाई मोर्चे पर है, जिसमें हमें देश के अंदर छिपे गद्दारों से भी लड़ना है और एक बात ये नया भारत है इसे कम आंकने की कोशिश मत करना। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि यूडी मिंज के सोशल मीडिया में जो पोस्ट है, वो गद्दारी और सेना का मनोबल तोड़ने वाला पोस्ट है, जिसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहलगाम में हुए सैलानियों पर हमले के बाद से पूरा देश आक्रोशित है। ऐसे में अपने सोशल मीडिया हैंडल से भारत-पाक युद्ध में देश की हार तय करते हुए कायरतापूर्ण पोस्ट शेयर किया है, जो कि कांग्रेस पार्टी के मूल चरित्र को प्रदर्शित करता है।
यह भी पढ़ें:- पूर्व कांग्रेस विधायक यूडी मिंज का विवादित पोस्ट, लिखा- पाकिस्तान से युद्ध में भारत की हार निश्चित
उन्होंने कहा कि ये पहला मौका नहीं है। इसके पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगकर देश को राष्ट्रीय पटल पर अपमानित करने का काम कांग्रेसी नेताओं ने किया था, जिसे राष्ट्र नहीं भूला है। पहलगाम टेरर अटैक में छत्तीसगढ़ ने दिनेश मिरानिया के रूप में अपना लाल खोया है, जिसे लेकर प्रदेश में जनता की सेना की तरफ टकटकी लगाकर देख रही। इस गमगीन स्थिति में युद्ध के पूर्व परिणाम अपने देश के खिलाफ देने वाला एक गद्दार ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक मिंज के खिलाफ राजद्रोह के तहत केस दर्ज किया जाए। श्रीवास ने आगे कहा- देश में छिपे हुए गद्दार और पाकिस्तान के स्लीपर सेल सदस्य जहां भी जिस रुप में मिले उन पर फौरन सर्जिकल स्ट्राइक किया जाना चाहिए। राजद्रोह के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। (Politics on Minj Post)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सलाहकार पंकज कुमार झा ने कहा कि फिर कांग्रेस के एक नेता का भारत विरोधी, देशद्रोही बयान। आप तय मानिए, कांग्रेस का लगभग हर कार्यकर्ता एक पोटेंशियल देशद्रोही है और अगर वे मतांतरित आदि हों, तब तो करेला पर नीम चढ़ा जानिए। अगर ऐसे लोग कभी देशहित की बात करते दिखें भी तो उनकी विवशता आप उनके चेहरे या हावभाव से समझ जाएंगे। विशेषकर युद्ध की सी स्थिति में तो ये चलते-फिरते बम से कम नहीं होते। कब आपको गच्चा दे दें, आप समझ नहीं सकते। याद कीजिए, चीन से जब गतिरोध उत्पन्न हुआ था, तब कांग्रेसियों ने क्या किया था? सीधे तौर पर भारत के मुख्य विपक्ष ने देश के सरेंडर होने की आधिकारिक घोषणा कर दी थी। बकायदा हैशटैग चलाकर कांग्रेस ने भारत के सरेंडर होने की बात कही थी। (Politics on Minj Post)

उन्होंने आगे कहा कि भारत के समर्पण की सार्वजनिक घोषणा करते हुए तब नारे तक बनाए थे, वह भी भाजपा के ऐतिहासिक पवित्र नारे की भौंडी नकल करते हुए – जहां सरेंडर हुए नरेंदर, वह गलवान हमारा है। बाकी, चीन से कांग्रेस का आधिकारिक एमओयू, गतिरोध के समय चोरी छिपे राहुल गांधी का चीनी राजनयिक से मिलना समेत दर्जनों पुष्ट उदाहरण तो हैं ही। नयी बात यह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक यूडी मिंज ने साफ-साफ यह घोषणा कर दी है कि अगर पाकिस्तान से लड़ाई का सोचा भारत ने तो भारत की हार सुनिश्चित है। मिंज ने एक दूसरे राहुल, पत्रकार राहुल देव की तर्ज पर बड़े ही हिकारत से यह भी कहा है कि भारत के जो भी युवा, पाकिस्तान को सबक सिखाना चाहते हैं, उन्हें अग्निवीर बना कर सीमा पर भेज दिया जाए। क्या ही कहा जाय? कांग्रेस पार्टी को जवाब देना चाहिए। (Politics on Minj Post)



