Google Analytics —— Meta Pixel

करोड़ों के धान गायब होने को लेकर सियासत तेज, बैज ने कहा- आम नहीं, VIP चूहों ने खाया धान, सांसद ने किया पलटवार

Politics on Paddy: कवर्धा जिले की सहकारी सोसाइटियों में करोड़ों रुपए मूल्य के धान गायब होने को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस बीच PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सोसाइटियों में रखा धान किसी आम चूहे ने नहीं, बल्कि VIP चूहों ने खाया है। धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और इसके पीछे बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार छिपा हुआ है। बैज ने कहा कि किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की थी, लेकिन लापरवाही के चलते करोड़ों का धान या तो खराब हो गया या फिर गायब हो गया। अब सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए सारा ठीकरा चूहों के सिर फोड़ रही है।

यह भी पढ़ें:- 19 जनवरी से शुरू होगा श्री हनुमत महायज्ञ, धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों की रहेगी भव्य श्रृंखला

उन्होंने कहा कि किसान टोकन के लिए भटक रहे हैं, सोसाइटियों में अव्यवस्था है और जब धान गायब हो गया तो कहा जा रहा है कि चूहे खा गए। ये साधारण चूहे नहीं, बल्कि VIP चूहे हैं, जिन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई कांग्रेस हर हाल में जारी रखेगी।

‘VIP’ चूहों की एंट्री से राजनीति तेज

धान खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों में अव्यवस्था के चलते प्रदेशभर में करोड़ों रुपए के धान के नुकसान का मामला अब सियासी बयानबाजी का केंद्र बन गया है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के VIP चूहों वाले बयान के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है। उन्होंने कहा कि ये चूहे दिल्ली, गुजरात और नागपुर से आकर छत्तीसगढ़ का धान खा रहे हैं। कांग्रेस के आरोपों पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। (Politics on Paddy)

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार के समय गंभीरता होती तो अपने 5 साल के शासनकाल में धान संग्रहण के लिए बड़े और पुख्ता गोदाम बनाए जा सकते थे। आज वही कांग्रेस सवाल खड़े कर रही है। सांसद ने यह भी कहा कि अगर धान के रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, कवर्धा कलेक्टर ने चूहों के धान खाने की बात से इनकार किया है। कलेक्टर के मुताबिक धान को चूहों से नुकसान नहीं हुआ, बल्कि सुखत (नमी कम होने से वजन में कमी) की वजह से नुकसान सामने आया है। प्रशासन का कहना है कि धान भंडारण के दौरान नमी और मौसम के कारण वजन में कमी आना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन विपक्ष इसे घोटाले से जोड़कर देख रहा है। (Politics on Paddy)

समिति प्रबंधक पर FIR

बता दें कि कवर्धा के धान संग्रहण केंद्रों से धान गायब होने के मामले में प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। 26 हजार क्विंटल धान के गायब होने और करीब 7 करोड़ रुपए के घोटाले के बाद यह मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियों में आ गया है। अधिकारियों के धान को चूहा खाने वाले बयान से चर्चा में आए इस घोटाले के बाद अब प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कुकदूर धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक पर बड़ी कार्रवाई की गई है। आरोप है कि प्रबंधक ने 15 लाख रुपए मूल्य के धान का गबन किया है। मामले में कुकदूर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।

अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: प्रशासन

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में जहां-जहां धान की कमी या गबन की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहां तत्काल जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले भी कोदवागोड़ान धान खरीदी केंद्र के प्रभारी पर इसी तरह की गड़बड़ी को लेकर FIR दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामले को लेकर राजनीति जारी

लगातार हो रही जांच और कार्रवाई से अब यह साफ नजर आने लगा है कि धान घोटाले से जुड़े जिम्मेदारों पर शिकंजा कसता जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं। एक तरफ कांग्रेस इसे बड़ा धान घोटाला बता रही है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन और भाजपा इसे तकनीकी और प्राकृतिक कारणों से हुआ नुकसान बता रही है। फिलहाल यह मामला जांच, बयानबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं। बता दें कि इस बीच सरकार लगातार अलग-अलग जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!