Google Analytics —— Meta Pixel

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ में सियासी पारा हाई, कांग्रेस ने BJP से पूछा- किसका मिला संरक्षण ? बीजेपी बोली- वैचारिक रूप से संक्रमित हो चुकी है कांग्रेस

Politics on Saurabh Chandrakar: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की ओमान से गिरफ्तारी और भारत वापसी के बाद अब छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। सौरभ की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस ने महादेव सट्टा ऐप के संचालन और आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलने को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए उसी के शासनकाल में कार्रवाई नहीं होने पर सवाल खड़े किए हैं। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सौरभ चंद्राकर से होने वाली पूछताछ को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद महादेव सट्टा ऐप का कारोबार कैसे चलता रहा?

यह भी पढ़ें:- महादेव सट्टा ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को दी 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड

उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को किन-किन बड़े भाजपा नेताओं का संरक्षण मिला, इसका खुलासा होना चाहिए। शुक्ला ने PMO तक तार जुड़े होने की बात सामने आने का जिक्र करते हुए इसकी भी जांच कराने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि सौरभ की गिरफ्तारी के बाद पूरे सट्टा नेटवर्क के साथ-साथ उसे कथित राजनीतिक संरक्षण देने वालों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए। कांग्रेस के आरोपों पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष और भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वैचारिक रूप से संक्रमित हो चुकी है। संजय ने कहा कि कांग्रेस खुलकर क्यों नहीं कहती कि वह सट्टेबाजों के साथ है? श्रीवास्तव ने कहा कि यही कांग्रेस पहले सवाल उठाती थी कि सौरभ चंद्राकर की अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। अब जब उसे भारत लाया गया है तो कांग्रेस को इस कार्रवाई का स्वागत करना चाहिए। (Politics on Saurabh Chandrakar)

कांग्रेस के कार्यकाल में ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई ?: संजय

भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान बड़े-बड़े लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि सट्टेबाजी ऐप में किसी भी किसी भी पार्टी के नेता की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उस समय ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? दरअसल, महादेव सट्टा ऐप का मामला छत्तीसगढ़ में लंबे समय से राजनीतिक विवाद का विषय रहा है। साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया था और तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस भाजपा सरकार से जवाब मांग रही है तो भाजपा कांग्रेस के पुराने शासनकाल को लेकर सवाल उठा रही है। फिलहाल दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब सबकी नजर CBI की पूछताछ पर है। सौरभ चंद्राकर से होने वाली पूछताछ में सट्टे के कारोबार, वित्तीय लेनदेन और कथित राजनीतिक संरक्षण को लेकर क्या जानकारियां सामने आती हैं, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!