TMC पर सियासत तेज, बीजेपी बोली- खत्म होगी पार्टी, कांग्रेस ने बताया साजिश

Politics on TMC: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर मची उथल-पुथल अब खुलकर सामने आने लगी है। बिधाननगर मेयर के इस्तीफे, 58 विधायकों के समर्थन, अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल और पार्टी में बढ़ती अंदरूनी नाराजगी ने TMC को नए संकट में ला खड़ा किया है। भाजपा इसे तृणमूल के अंत की शुरुआत बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे भाजपा की राजनीतिक रणनीति और विपक्ष को कमजोर करने की साजिश करार दे रही है। दरअसल, बिधाननगर मेयर कृष्णा चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया है। इसे लेकर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह TMC का अंदरूनी मामला है। भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है कि TMC में क्या चल रहा है। इसके बारे में उनकी पार्टी बता सकती है। भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखती है और हम यह मानते हैं कि पश्चिम बंगाल की जनता के वोट के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- TMC में बगावत या सियासी साजिश? निष्कासित नेताओं के आरोपों से बंगाल की राजनीति में भूचाल
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि बिधाननगर मेयर कृष्णा चक्रवर्ती ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है। मुझे लगता है कि उन्हें पैसे की कमी है। इन लोगों ने बहुत चोरी की है। उनका माहौल बिगड़ गया है। सभी पार्षद इस्तीफा देने के लिए लाइन में खड़े हैं। TMC के दो भाग हो गए, TMC ममता के साथ 1 विधायक और 1 सांसद हैं। बाकी TMC पुराने वामपंथी चला रहे हैं, ऐसा सुनने में आ रहा है कि उनके साथ 60 विधायक हैं। मान्यता अगर किसी को दी जाएगी तो इन्हें दी जाएगी, क्योंकि इनके पास संख्या है। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि यहां कोई विपक्ष नहीं है। ये लोग अपना विधायक का पद बचाना, जनता के लूटे पैसों को बचाना चाहते हैं। यह इनका अंदरूनी मामला है, TMC खत्म हो चुकी है। TMC से अलग होकर 8-10 पार्टी बनेगी, यहां TMC विपक्ष नहीं रहेगी। (Politics on TMC)
TMC में न जनता की कोई दिलचस्पी है, न भाजपा की: भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि TMC ने खुद को भगवान, लोगों, संविधान और भारतीय कानून से भी ऊपर मान लिया था। बंगाल की जनता ने यह दिखा दिया है कि भले ही वे कोई फैसला लेने में थोड़ी देर करते हैं, लेकिन जब वे फैसला लेते हैं, तो उस पर पूरी सख्ती से अमल करते हैं। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि ममता बनर्जी के घर में क्या चल रहा है, इसमें बंगाल के लोगों की कोई दिलचस्पी नहीं है। TMC कोई राजनीतिक पार्टी नहीं थी, वह लूटेरों का संगठन बन गई। TMC की लोकतंत्र में कोई आस्था नहीं थी। TMC की मुख्यमंत्री ने अपने आपको देश के प्रधानंमत्री के ऊपर समझा, पश्चिम बंगाल को एक अलग राष्ट्र समझा। TMC की कोई विचारधारा नहीं थी, उनकी विचारधारा सिर्फ CPI(M) को हटाना था, लेकिन 2011 में सत्ता में आने के बाद उनकी विचारधारा कमजोर पड़ गई। TMC में न जनता की कोई दिलचस्पी है, न भाजपा की। (Politics on TMC)
TMC अब अपने अंत की तरफ: सांसद मनन कुमार
भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि TMC अब अपने अंत की तरफ है। TMC का खात्मा हो जाएगा, जैसे पश्चिम बंगाल से कांग्रेस, जैसे CPI(M) खत्म हो गई, वैसे अब TMC भी खत्म हो जाएगी। वहां की जनता ने फैसला कर लिया है, भाजपा को वहां की जनता ने पसंद किया है। वहां के विधायकों में भी यह भाव है कि वे TMC छोड़ दें और जनता के साथ जाएं। TMC में जो उथल-पुथल मची है, ऐसे में रीताब्रता बनर्जी को मान्यता मिलनी चाहिए, क्योंकि बहुमत उनके साथ है। अभिषेक बनर्जी को कोई नहीं चाहता है तो अब ममता बनर्जी के चाहने से कुछ नहीं होगा। मुझे लगता है कि विरोधी दल के नेता का दर्जा रीताब्रता बनर्जी को मिलेगा, लेकिन इससे कुछ नहीं होने वाला। TMC धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि हमें एक मजबूत विपक्ष चाहिए। ऐसा विपक्ष जो सरकार के कामों पर बहस कर सके। चाहे वे अच्छे हों या बुरे। पिछली सरकार, ममता बनर्जी के प्रशासन ने हर मुद्दे पर केंद्र सरकार का विरोध किया और उसका खामियाजा भी भुगता।
जनता को निश्चित रूप से एक विपक्ष की जरूरत: मंत्री पॉल
मंत्री पॉल ने कहा कि बंगाल की जनता को निश्चित रूप से एक विपक्ष की जरूरत है, एक ऐसा मजबूत विपक्ष जो भरोसेमंद ताकत के तौर पर काम करे। उन्हें अच्छी बातों की तारीफ करनी चाहिए और बुरी बातों की आलोचना। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री जगन्नाथ चटर्जी ने कहा कि पुलिस TMC नेताओं को नहीं चोर और गुंडों को गिरफ्तार कर रही है। अगर वे सभी TMC से हैं तो इसमें कुछ नहीं कर सकते। गुंडे, बदमाशों और चोरों की गिरफ्तारी जारी रहेगी। पश्चिम बंगाल के मंत्री तापस रॉय ने कहा कि स्पीकर का निर्णय अंतिम है। आप उसे चुनौती नहीं दे सकते। जो हालात हुए हैं, अगर 58 विधायकों ने हस्ताक्षर किए हैं तो स्पीकर निर्णय ले सकते हैं और स्पीकर का निर्णय अंतिम होता है। TMC टूट जाएगी। सबको पता था कि TMC की हार होगी, यह हार जरूरी थी। जब ममता बनर्जी दूसरों की पार्टी को तोड़ रही थी, तब उन्हें सोचना चाहिए था। (Politics on TMC)
केवल सत्ता के भय से लोग इनके साथ थे: सांसद पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि आज तक किसी राजनीतिक दल में इस तरह बिखराव नहीं हुआ होगा, जिस प्रकार का बिखराव TMC में हुआ है। केवल सत्ता के भय से लोग इनके साथ थे। अन्यथा यह साबित हो गया है कि पश्चिम बंगाल में प्रजातंत्र नहीं बल्कि एक तरह की तानाशाही थी। उन्होंने आगे कहा कि ममता सरकार के होने के बावजूद अगर घोटाले हो रहे थे तो वे घोटाले उनके संरक्षण में हो रहे थे। यह जनादेश जो आया है वह जनता का गुस्सा था। वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा का वन प्वाइंट फॉर्मूला है कि वहां वे कैसे TMC को तोड़ें, जिसमें वे काफी कुछ सफल भी रहें, ममता बनर्जी को कमजोर करें और उनके खिलाफ कैसे दुष्प्रचार करें, और वे वही कर रहे हैं। उन्हें जनता की भलाई के लिए काम नहीं करना है, बल्कि TMC को पूरी तरह खत्म करना है। मुझे पूरा भरोसा है कि अगर कोई गलत FIR दिखाई गई है तो न्यायालय उसका संज्ञान लेगा और न्यायालय से न्याय मिलेगा।
ममता बनर्जी की पूरी पार्टी को खत्म करने की कोशिश: अल्वी
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है, आने वाले समय में और ज्यादा खराब होगी। अभी आपने देखा कि 1 हफ्ते के अंदर 4 बार पेट्रोल की कीमत बढ़ी है। हर खाने-पीने की चीज़ों की कीमत बढ़ी है। गरीब व्यक्ति परेशान है, सरकार कहती है कि 80 करोड़ लोगों को हम राशन दे रहे हैं। इसी से पता चलता है कि देश के अंदर क्या स्थिति है। आने वाले समय में देश की आर्थिक स्थिति खराब होगी। अगर आर्थिक स्थिति खराब होती है तो कानून-व्यवस्था खराब होगी। सारी एजेंसियों पर सरकार का नियंत्रण है। विपक्ष की जिस सरकार को भाजपा चाहे गिरा देती है, ममता बनर्जी की पूरी पार्टी को खत्म करने की कोशिश की गई, महाराष्ट्र में चाहे NCP हो या शिवसेना दोनों को खत्म करने की कोशिश की गई। जितने फेक एनकाउंटर हो रहे हैं, उतने कभी नहीं हुए। आपातकाल से ज्यादा बुरे हालात हैं।

जल्दी ये पार्टी साइन बोर्ड हो जाएगी: रिजू दत्ता
वहीं TMC से निलंबित नेता रिजू दत्ता ने तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर कहा कि ये मुद्दा तब शुरू हुआ था, जब अभिषेक बनर्जी ने विधानसभा के स्पीकर को एक चिट्ठी दी थी कि शोभनदेब चट्टोपाध्याय हमारे नेता प्रतिपक्ष हैं और फिरहाद हकीम चीफ व्हिप हैं, लेकिन उसमें कानून का पालन नहीं किया गया था। सिर्फ युवराज की मनमर्जी के अनुसार किया गया। हस्ताक्षरों को फर्जी तरीके से किया गया, जिसके ऊपर CID कार्रवाई कर रही है। इसी के खिलाफ विधानसभा के दो जीते हुए विधायक ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा ने स्पीकर को अपनी शिकायत दी और उसके बाद 58 विधायकों ने हस्ताक्षर करके ऋतब्रत बनर्जी को अपना नेता प्रतिपक्ष चुन लिया है। यह कानून के तहत कानून को मानते हुए हुआ है, जिस पर कोई आपत्ति नहीं उठा सकता है, जो 80 विधायक हैं वह भी ममता बनर्जी को अपना नेता मानते हैं। मुझे पार्टी से निकाल दिया गया है, फिर भी मैं ये कह रहा हूं कि ममता बनर्जी पार्टी की नेता हैं। विधायकों का कहना है कि वे अभिषेक बनर्जी को अपना नेता नहीं मानते हैं, क्योंकि वहां उनका ‘बॉस कल्चर’ है। उनके कार्यालय के कर्मी हमसे इस तरह से बात करते थे कि जैसे हम उनकी पार्टी के पाले हुए गुलाम हैं, जो नाराजगी सबके अंदर थी उसका परिणाम आपके सामने है। तृणमूल पार्टी बंद हो चुकी है और ममता बनर्जी अगर अभी भी मोह या स्नेह में अपनी आंखें मुंदकर रखेंगी तो बहुत जल्दी ये पार्टी साइन बोर्ड हो जाएगी।



