Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में होंगी शामिल, जगदलपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लालबाग मैदान से आम लोगों को करेंगी संबोधित, मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना का भी कार्यक्रम; सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2 हजार से अधिक जवान

जगदलपुर/रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बस्तर प्रवास पर रहेंगी। अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन वह जगदलपुर में विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इस दौरान राष्ट्रपति मांझी-चालकी, नाइक-पाइक और अन्य पारंपरिक प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी। लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उनके आम जनता को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।

मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू सुबह करीब 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। बस्तर दशहरा की इस विशिष्ट परंपरा में पारंपरिक जनप्रतिनिधियों और समुदाय के प्रमुख लोगों से मुलाकात कार्यक्रम का अहम हिस्सा होगी।

राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी और आम नागरिकों को संबोधित करेंगी। इसके बाद दोपहर करीब 1:40 बजे उनके दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित है।

मंत्री केदार कश्यप ने तैयारियों का लिया जायजा

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर गुरुवार को मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर के लालबाग मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बस्तर में हाई अलर्ट

वीवीआईपी दौरे को देखते हुए जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए बस्तर दशहरा समिति और स्थानीय प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। स्वागत कार्यक्रम में बस्तर की लोकसंस्कृति और पारंपरिक प्रतीकों को प्रमुखता दी जाएगी।

प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से जगदलपुर एयरपोर्ट से 25 किलोमीटर के दायरे में 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं, सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के तीन किलोमीटर के दायरे में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम स्थलों के आसपास निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

बस्तर दशहरा की परंपरा से जुड़ा है मुरिया दरबार

बस्तर दशहरा अपनी अनूठी सांस्कृतिक परंपराओं के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। मुरिया दरबार इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां पारंपरिक व्यवस्था से जुड़े प्रतिनिधि एकत्रित होते हैं। राष्ट्रपति की इस कार्यक्रम में भागीदारी को बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजामों को प्राथमिकता दी है, ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Back to top button
error: Content is protected !!