सांस्कृतिक गौरव भारत की संप्रभुता को देता है आत्मिक शक्ति: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

President on Independence Day: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। साथ ही कहा कि हमारा तिरंगा हमारी स्वाधीनता का प्रतीक है। इसे हम पूरी शान से फहराते हैं। 15 अगस्त 1947 के दिन भारत माता पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त हुई। सभी देशवासी, स्वतंत्र भारत की नियति के निर्माता बने। हम भारत के लोग, अपने सपनों को साकार करने के अवसरों का उपयोग कर सकें और भारत को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने की भावना से कार्य करें इसी में स्वतंत्रता की सार्थकता है। निष्ठावान विद्यार्थी और शिक्षक, विकास के लिए तत्पर वैज्ञानिक और इंजीनियर, स्वास्थ्य सेवा में कार्यरत डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी, मेहनती श्रमिक और अन्नदाता किसान, अपने प्रयासों से राष्ट्र-निर्माण कर रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ी, शिल्पकार तथा कलाकार, मार्गदर्शक बुद्धिजीवी, निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों की टीमों के कर्मठ सदस्य, जनहित में सेवारत जनप्रतिनिधि, न्याय-व्यवस्था से जुड़े न्यायकर्मी, कार्यनिष्ठ सिविल सेवक, अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाले छोटे-बड़े सभी निवेशक, निस्वार्थ समाज सेवी और स्वच्छता अभियान के अग्रणी कार्यकर्ता – हमारे सभी सफाई-मित्र देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- लाल किले से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: ‘1 करोड़ युवाओं को दी जाएगी AI स्किल ट्रेनिंग’
उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों में सक्रिय, असंख्य देशवासी और संविधान में निहित, मूल कर्तव्यों का पालन करने वाले सभी नागरिक, राष्ट्र-निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। मैं उन सभी की हृदय से सराहना करती हूं। तीनों सेनाओं के जवानों, सभी सशस्त्र पुलिसबलों और पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा के लिए मैं उनकी विशेष सराहना करती हूं। विश्व-पटल पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाने वाले प्रवासी भारतीयों और दूतावासों में कार्यरत देशवासियों की मैं प्रशंसा करती हूं। स्वाधीनता के शताब्दी साल 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। अंत्योदय की भावना के साथ, हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। अपनी समृद्ध विरासत और स्वाधीनता संग्राम के आदर्शों को अपनाते हुए हम आधुनिक विकास के मार्ग पर अग्रसर हैं। ‘वयं राष्ट्रे जागृयाम’, यह वेद-वाक्य हमें प्रेरणा देता है कि हम राष्ट्र के लिए सदैव जागरूक रहें। हमारे स्वाधीनता संग्राम में संघर्षरत अलग-अलग विचारधाराओं के लोगों का लक्ष्य एक ही था- भारत की स्वतंत्रता। ‘स्वदेशी आंदोलन’ के दौरान ‘वंदे मातरम्’ जन-जन का गीत बन गया। (President on Independence Day)
अनगिनत देशवासी स्वाधीनता संग्राम से जुड़ गए: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में अनगिनत देशवासी स्वाधीनता संग्राम से जुड़ गए। बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर ने समाज सुधार और राष्ट्र-निष्ठा के उच्च आदर्श प्रस्तुत किए। भारतमाता की उन सभी महान संतानों को मैं सादर नमन करती हूं जिनके आदर्शों पर चलते हुए हमारा देश स्वतंत्र हुआ और आगे बढ़ा। 14 अगस्त के दिन को हम विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाते हैं। हम उन लाखों देशवासियों को याद करते हैं, जो विभाजन से जुड़ी हिंसा में मारे गए या विस्थापन की त्रासदी झेलने को मजबूर हुए। सांप्रदायिक हिंसा की वजह से लाखों लोगों को शरणार्थी बनना पड़ा और बंटवारे की विभीषिका सहन करनी पड़ी। फिर भी, उन्होंने अपनी पहचान नहीं छोड़ी। जब हमारा देश स्वतंत्र हुआ, उस समय देश के विभाजन के गंभीर परिणामों के साथ-साथ 550 से ज्यादा रियासतों को नवस्वाधीन भारत के साथ जोड़ना भी एक असाधारण चुनौती थी। सरदार पटेल ने राजशाही व्यवस्थाओं को समाप्त करके हमारे स्वाधीन लोकतन्त्र में उनका विलय किया। एक कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से, आधुनिक भारत की एकता के शिल्पकार, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन स्मृति को मैं सादर नमन करती हूं।
संविधान नागरिकों की भागीदारी पर आधारित: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत के लोगों द्वारा निर्मित हमारा संविधान नागरिकों की भागीदारी पर आधारित है। लोकतंत्र की जननी भारतभूमि के निवासियों में जनभागीदारी की भावना सदा से विद्यमान रही है। उस भावना को नई ऊर्जा के साथ, हमारे देशवासी आगे बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रीय अभियानों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यह हमारे लोकतंत्र की प्रेरक उपलब्धि है। प्रतिष्ठा और अवसर की समानता, व्यक्ति की गरिमा, हमारे संविधान के प्रमुख आदर्श हैं। आज साधारण पृष्ठभूमि के लोग कई क्षेत्रों में असाधारण योगदान दे रहे हैं। इससे मेरा यह विश्वास दृढ़ होता है कि आज के भारत में हर व्यक्ति बड़े सपने देख भी सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है। हमारे संविधान में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के उत्तरदायित्वों का स्पष्ट उल्लेख है। जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वे विधायिका में, जन-आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करें। कार्यपालिका का कर्तव्य है कि जनहित और राष्ट्रहित की नीतियों को कार्यरूप दे। न्याय-व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि अभाव के कारण कोई व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
वंचित वर्गों के लोगों को समय से न्याय मिलना चाहिए: राष्ट्रपति
उन्होंने कहा कि हर नागरिक विशेषकर वंचित वर्गों के लोगों को समानता के आधार पर सम्मान के साथ समय से न्याय मिलना चाहिए। पिछले एक दशक से कुछ ज्यादा समय में हमारे देश ने तेज गति से समावेशी विकास किया है, विरासत और विकास के समन्वय को प्राथमिकता दी है और विकास में बाधक दशकों पुराने अनेक अवरोधों को दूर किया है। हमारे देशवासी महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती मना रहे हैं। महात्मा फुले और क्रांति-ज्योति सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक न्याय, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और समानता के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उनके आदर्शों के अनुसार बीते कुछ सालों के दौरान वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लक्ष्य को राष्ट्रीय प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के नए प्रतिमान स्थापित हुए हैं। 25 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से मुक्ति दिलाने में सफलता मिली है। विश्व की सबसे बड़ी वित्तीय समावेश की योजना प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत लगभग 59 करोड़ खाताधारक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ चुके हैं। उनमें 32 करोड़ से ज्यादा महिला खाताधारक शामिल हैं। (President on Independence Day)
सरकार ने सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाया: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 80 करोड़ लोगों के लिए निशुल्क राशन की व्यवस्था द्वारा उनकी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के तहत 60 करोड़ लोगों को हर साल 5 लाख रुपए तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसान सम्मान निधि तथा किसान क्रेडिट कार्ड्स से खेती, डेयरी, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों से जुड़े किसान भाई-बहनों को संबल मिला है। विश्व का इतिहास साक्षी है कि सांस्कृतिक आत्मबल पर आधारित विकास गतिमान और स्थायी होता है। आज देश में यह चेतना बलवती हो रही है कि सांस्कृतिक गौरव का भाव देश की संप्रभुता को आत्मिक शक्ति प्रदान करता है। हमारे पूर्वजों ने ज्ञान-विज्ञान, कला-संस्कृति, अध्यात्म और सदाचार की अनमोल विरासत सौंपी है। हम विरासत और विकास के समन्वय के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमारे देश में विश्व का सबसे बड़ा और सबसे अच्छा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है। गांवों की छोटी-छोटी दुकानों और रेहड़ी-पटरी पर भी डिजिटल पेमेंट हो रहे हैं। विश्व में आधे से ज्यादा रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हो रहे हैं। हमारे देशवासियों और सरकार ने मिलकर डिजिटल क्रांति का उदाहरण विश्व-समुदाय के सामने प्रस्तुत किया है। टेक्नोलॉजी का उपयोग करके सरकार ने जनकल्याण की सुविधाओं को पारदर्शी तरीके से जन-जन तक पहुंचाया है।



