आतंकवाद को संरक्षण देने वाले देश के खिलाफ सिंधु जल संधि निलंबित करना निर्णायक कदम: राष्ट्रपति

President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में हाईवे, जलमार्ग, रेलवे और वायुमार्ग के रूप में आधुनिक बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। इससे नए उद्यमों के लिए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं, नए रोजगारों का सृजन हो रहा है और निवेशकों का विश्वास बढ़ रहा है। विश्व के कई क्षेत्रों में युद्ध और अस्थिरता का सभी देशों पर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसी परिस्थिति में भी, हमारे देश की अर्थव्यवस्था, सबसे तेज गति से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रही है। आर्थिक अनुमानों के अनुसार भारत की विकास दर विश्व की औसत विकास दर की तुलना में दोगुने से अधिक रहेगी। आत्मनिर्भर भारत अभियान से, हमारी आर्थिक प्रगति और राष्ट्रीय सुरक्षा का आधार मजबूत हुआ है। आधुनिक विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी भारत विश्वस्तर पर अग्रणी योगदान दे रहा है। सतत विकास लक्ष्य 2030 के कुछ लक्ष्यों को हमारे देश ने समय से पहले ही प्राप्त कर लिया है। नवीकरणीय ऊर्जा के विकास को पिछले कुछ सालों में अभूतपूर्व गति मिली है।
यह भी पढ़ें:- सांस्कृतिक गौरव भारत की संप्रभुता को देता है आत्मिक शक्ति: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
उन्होंने कहा कि हमारी विदेश नीति देश हित पर आधारित है। शांति, सहयोग, संवाद और वसुधैव कुटुंबकम् के आदर्श हमारी विदेश नीति के स्तम्भ हैं। आर्थिक सहयोग बढ़ाने और पारस्परिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए हमने कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। ग्लोबल साउथ के देशों में हम अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। विश्व पटल पर हमारे देश का सम्मान बढ़ा है। हम रूल्स बेस्ड इंटरनेशनल ऑर्डर में विश्वास रखते हैं। हमारा प्रयास है कि संयुक्त राष्ट्र संघ समेत बहुपक्षीय संगठनमें विश्व समुदाय का समुचित प्रतिनिधित्व हो। हमारे इस प्रयास को अनेक देशों का प्रबल समर्थन मिल रहा है। प्राकृतिक संपदाओं पर हमारी भावी पीढ़ियों का भी उतना ही अधिकार है जितना हमारा है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि हमारे किसी भी कार्य से, आने वाली पीढ़ियों द्वारा इस अधिकार के प्रयोग में तनिक भी कमी न हो। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम उनको और अधिक समृद्ध प्राकृतिक संपदाएं प्रदान करें। पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था हमारी परंपरा का हिस्सा है। संताली भाषा के एक सरल गीत में हमें गहरा संदेश मिलता है। (President Droupadi Murmu)
व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयास करना चाहिए: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा कि पंडित रघुनाथ मुर्मू द्वारा रचित उस गीत के कुछ शब्द इस प्रकार हैं- दारे गुजूग कान ञेल ते, मिरु चेणेय राग बयहा दाया हाया गे। गुजूग कान आबोवा जाति धरम दारे, चेदाग बाबोन राग बयहा आबो अना ञेल ते। इस गीत में एक पेड़ के पूरी तरह सूख जाने के कारण रोते हुए एक तोते का वर्णन करते हुए कवि कह रहे हैं हे मेरे भाइयो! मरते हुए पेड़ को देखकर तोता-पक्षी दुख भरी आवाज में रो रहा है। हे मेरे भाइयो! मानव-संस्कृति रूपी वृक्ष का विनाश होता देखकर हम, मानव समाज के लोग, विलाप क्यों नहीं कर रहे हैं? इस गीत का संदेश यह है कि सभी मनुष्यों को मानवीय मूल्यों और प्रकृति के संरक्षण के लिए तत्पर रहना चाहिए। एक हरा-भरा पेड़, मानव समाज के नैतिक और स्वस्थ रहने का प्रतीक है। एक पेड़ मां के नाम और लाइफ स्टाइल फॉर इनवॉरमेंट यानी LiFE जैसे अभियानों की भावना के अनुरूप सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयास करना चाहिए।
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी विशेष सफलता: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत प्रसन्नता होती है कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारी बेटियां प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही हैं। साथ ही कृषि उत्पादकता बढ़ाने में योगदान देने वाली ड्रोन दीदी से लेकर वायु सेना में फाइटर कॉम्बैट लीडर बनने तक अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। हाल ही में ग्लासगो में सम्पन्न हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के कुल 13 स्वर्ण पदकों में 8 स्वर्ण पदक बेटियों ने जीते हैं। महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ रही है। स्वयं सहायता समूहों की 10 करोड़ से ज्यादा महिला सदस्य हैं। 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया गया था। इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा चुका है। अब हमारा देश 3 करोड़ महिलाओं को नई लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। ‘मुद्रा योजना’ के तहत सहायता प्राप्त करने वाले उद्यमियों में लगभग दो तिहाई लाभार्थी महिलाएं हैं। महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रयासों के साथ-साथ हम देख रहे हैं कि वे अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व प्रदान कर रही हैं। मतदान में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी हमारे गणतन्त्र की विशेष सफलता है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया जा चुका: राष्ट्रपति
उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं का 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व आरक्षित करने के लिए 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया जा चुका है। इस अधिनियम के लक्ष्य को प्राप्त करने से महिलाओं का नेतृत्व बढ़ेगा और हमारा लोकतंत्र और ज्यादा समावेशी बनेगा। देश की कुल आबादी में 65 प्रतिशत लोगों की आयु 35 वर्ष से कम है। यह युवा आबादी हमारी सबसे मूल्यवान सम्पदा है। हमारे देश के युवा टैलेंटेड हैं, कमिटेड हैं और स्किल्ड हैं। जमीनी स्तर पर युवाओं द्वारा किए गए विभिन्न समस्याओं के इनोवेटिव और प्रैक्टिकल सॉल्यूशन को देखकर मुझे समाज और देश के लिए उनकी प्रतिबद्धता का परिचय मिलता है। सिर्फ 28 साल की औसत आयु वाली युवा टीम द्वारा हाल ही में रॉकेट का सफल प्रक्षेपण करके अन्तरिक्ष अन्वेषण के एक नए चरण का शुभारंभ किया गया है। हमारे अनेक युवा स्वरोजगार के मार्ग पर चलते हुए रोजगार प्रदान करने की संस्कृति को अपना रहे हैं। युवा उद्यमियों की भागीदारी से हमारे देश में एक मजबूत स्टार्ट-अप इकोसिस्टम विकसित हुआ है।
हमारे युवा सफलता के नए मार्ग चुन सकते हैं: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि विश्व के बड़े-बड़े उद्यम भारत के युवाओं की प्रतिभा और लगन से प्रभावित रहते हैं और उन्हें नेतृत्व की भूमिकाओं में नियुक्त करते हैं। ऐसे युवाओं ने विश्व समुदाय में भारत की युवा शक्ति की साख बढ़ाई है। हमारी युवा पीढ़ी भारत के स्वर्णिम भविष्य के प्रति मेरी आस्था को और प्रबल बनाती है। हमारे विद्यार्थी भारत के भविष्य निर्माता हैं, जिस तरह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सरकार और समाज का एकजुट रहना जरूरी है, उसी तरह विद्यार्थियों के वर्तमान और भविष्य की सुरक्षा के लिए भी सभी के सम्मिलित प्रयास जरूरी हैं। सार्वजनिक परीक्षाएं, विद्यार्थियों के लिए अवसरों के द्वार खोलती हैं। इसलिए सरकार इन परीक्षाओं में सुधार के लिए व्यापक कदम उठा रही है। इन सुधारों का उद्देश्य है कि सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों पर पूरी तरह से अंकुश लगे, परीक्षा प्रणाली और ज्यादा पारदर्शी, युवाओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद हो। सरकार के प्रयासों और नई आर्थिक गतिविधियों से युवाओं के लिए अनेक प्रकार के नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। ऐसे अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करके हमारे युवा सफलता के नए मार्ग चुन सकते हैं।
हमारे युवाओं का शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य भविष्य का आधार: राष्ट्रपति
उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य देश के भविष्य का आधार है। परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है कि हमारे युवा उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहें। खेलकूद को युवाओं के विकास और राष्ट्र-निर्माण के माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक देश के सभी क्षेत्रों के लिए खेल इकोसिस्टम उपलब्ध कराया जा रहा है। खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए सरकार अभूतपूर्व निवेश कर रही है। इन प्रयासों के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में हमारे खिलाड़ी प्रदर्शन और उपलब्धियों के ऊंचे शिखरों तक पहुंच रहे हैं। एक ओर हमारे देश में सबसे बड़ी युवा आबादी है तो दूसरी ओर वरिष्ठ नागरिकों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है। सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। 70 साल और उससे ज्यादा आयु के लगभग 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों के लिए हर साल 5 लाख रुपए तक की निशुल्क स्वास्थ्य सेवा सुविधाएं उपलब्ध हैं। वरिष्ठ नागरिकों के प्रति अपनेपन की भावना और उनके आत्मसम्मान को बनाए रखने के लिए पूरे समाज को संवेदनशील रहना चाहिए।
26 जुलाई को हमने कारगिल विजय दिवस मनाया: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा कि सत्य और न्याय के पक्ष में, मानवता विरोधी शक्तियों पर विजय प्राप्त करने की भारतीय परंपरा पर हम गर्व करते हैं। 26 जुलाई को हमने कारगिल विजय दिवस मनाया। उसके पहले 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के आरंभ का एक साल पूरा होने पर हमने अपनी सेनाओं के अतुल्य पराक्रम का स्मरण किया। आतंकवाद के विरुद्ध वह ऐतिहासिक ऑपरेशन, भारतीय सेनाओं की अचूक क्षमता का प्रमाण है। आतंकियों और उनके समर्थकों को यह कठोर संदेश दिया गया कि वे चाहे कहीं भी जाकर छिप जाएं, लेकिन उन्हें अपने किए की सजा जरूर मिलेगी। आतंकवाद को संरक्षण देने वाले देश के साथ अतीत में की गई सिंधु जल संधि का निलंबन करना हमारे देश के विशेषकर किसानों के हित में एक निर्णायक कदम है। दशकों से नक्सलवाद देश के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ था। भारत को नक्सल मुक्त बनाना एक बड़ी उपलब्धि है। अब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण है और विकास की सर्वस्पर्शी धारा प्रवाहित हो रही है। बस्तर ओलिंपिक्स में खिलाड़ियों ने, बस्तर पंडुम में कलाकारों ने और इन आयोजनों में दर्शकों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। (President Droupadi Murmu)
राष्ट्रीय-साधना में स्वयं को समर्पित करें: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि राष्ट्र-गौरव की रक्षा हेतु निर्मित मराठा सैन्य परंपरा से जुड़े 12 दुर्गों को पिछले साल UNESCO की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में स्थान दिया गया और इस साल भगवान बुद्ध के प्रथम प्रवचन के स्थल सारनाथ को UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल किया गया है। भारतभूमि में एक ओर भगवान बुद्ध से जुड़े आध्यात्मिक स्मारक हैं तो दूसरी ओर आत्मसम्मान और अपनी गौरवशाली परम्पराओं की रक्षा के लिए युद्ध करने की हमारी प्रभावशाली क्षमता के प्रतीक भी विद्यमान हैं। सभी भारतवासियों का विकास और कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का वास्तविक लक्ष्य है। तेलुगू भाषा में रचना करने वाले महान राष्ट्रवादी साहित्यकार गुरजाडा अप्पाराव ने अपने एक गीत में सभी भारतवासियों को देश प्रेम का अमूल्य संदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि देसमुनु प्रेमिंचुमन्ना, मंचि अन्नदि पेंचुमन्ना। देसमंटे, मट्टि कादोय, देसमंटे, मनुषुलोय। इन पंक्तियों का भाव है- देश से प्रेम करो, भलाई को बढ़ाओ, देश का अर्थ केवल मिट्टी ही नहीं है। देश का अर्थ समस्त जनसमुदाय है। मुझे विश्वास है कि समाज की भागीदारी और सरकार के प्रयासों से गांव-गांव में, नगर-नगर में, भारत के घर-घर में रहने वाले सभी लोग स्वस्थ, सुखी और समृद्ध बनेंगे। आइए, देश प्रेम की इसी सर्व समावेशी भावना के साथ हम सब स्वतंत्र भारत को विकसित भारत बनाने की राष्ट्रीय-साधना में स्वयं को समर्पित करें।



