Google Analytics —— Meta Pixel

पंचायती राज संस्थाएं हमारे लोकतंत्र की आधारशिला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

President on Panchayati Raj: देश के अलग-अलग राज्यों के पंचायती राज संस्थाओं की अनुसूचित जनजाति की महिला प्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक केंद्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं हमारे लोकतंत्र की आधारशिला रही हैं। वे जमीनी स्तर पर शासन और सामुदायिक विकास के लिए एक मंच प्रदान करती हैं। इन संस्थाओं ने महिलाओं के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग 14 लाख महिलाएं पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण स्थानीय निकायों में निर्वाचित सदस्य के रूप में काम कर रही हैं, जो कुल निर्वाचित प्रतिनिधियों का 46 प्रतिशत है।

यह भी पढ़ें:- 10 सालों में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर में आए बड़े बदलाव से देश की छवि बदली: PM नरेंद्र मोदी

राष्ट्रपति ने कहा कि इस भागीदारी को और मजबूत करने के लिए अधिकांश राज्यों ने आरक्षण की सीमा को बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। सरकार देश और उसके नागरिकों के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। नागरिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे पात्र लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक करें, ताकि वे लाभार्थी बन सकें। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि वे सुनिश्चित करें कि बच्चों का समय पर टीकाकरण हो, गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण मिले और बच्चे अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़ें। उन्होंने कहा कि वे दहेज, घरेलू हिंसा और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाएं। (President on Panchayati Raj)

राष्ट्रपति ने महिला प्रतिनिधियों को पंचायतों में निर्वाचित प्रतिनिधियों के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्भीक होकर निर्वाह करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि के रूप में उन्हें ग्रामीणों के आपसी विवादों को सुलझाने का अधिकार है। उन्हें इस अधिकार का समुचित उपयोग करना चाहिए और ग्रामीणों के बीच विवादों को पंचायत स्तर पर ही सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। इससे न सिर्फ लोगों के संसाधनों और समय की बचत होगी, बल्कि आपसी सौहार्द भी बढ़ेगा। बता दें कि जनजातीय कार्य मंत्रालय और लोकसभा सचिवालय के सहयोग से राष्ट्रीय महिला आयोग ने ‘पंचायत से संसद’ कार्यक्रम आयोजित किया, जिसके तहत महिलाओं का समूह दिल्ली में है, जो अलग-अलग जगहों का दौरा कर रही हैं। (President on Panchayati Raj)

Back to top button
error: Content is protected !!