भारत और मॉरीशस संबंध सिर्फ साझेदारी नहीं, परिवार हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

India and Mauritius Relation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम का स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की और भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान PM मोदी ने भारत और मॉरीशस के संबंधों को सिर्फ साझेदारी नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता बताया। PM मोदी ने कहा कि काशी भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है और भारत की संस्कृति सदियों पहले मॉरीशस पहुंची, जहां वह जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मॉरीशस के साथ यह मिलन औपचारिक नहीं बल्कि आत्मिक है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर प्रहार जारी, 1 करोड़ के इनामी सेंट्रल कमेटी मेंबर समेत 10 नक्सली ढेर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मॉरीशस, भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘विजन महासागर’ का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मार्च 2025 में भारत और मॉरीशस के रिश्तों को “एन्हांस्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज की बातचीत में दोनों देशों ने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए। PM मोदी ने मॉरीशस को चागोस समझौते के संपन्न होने पर बधाई देते हुए इसे “संप्रभुता की ऐतिहासिक जीत” बताया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा उपनिवेशवाद के विरोध में और मॉरीशस की पूर्ण संप्रभुता के समर्थन में रहा है और आगे भी मजबूती से खड़ा रहेगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने मॉरीशस की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष आर्थिक पैकेज को मंजूरी दी है। (India and Mauritius Relation)

विशेष आर्थिक पैकेज के तहत इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जाएगा। रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। भारत के बाहर पहला जन औषधि केंद्र मॉरीशस में शुरू हो चुका है। इसके अलावा, भारत मॉरीशस में AYUSH सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 500-बेड का सर शिवसागर रामगुलाम नेशनल हॉस्पिटल और एक वेटरनरी स्कूल व एनिमल हॉस्पिटल की स्थापना में भी सहयोग करेगा। PM मोदी ने बताया कि मॉरीशस को भारत की ओर से 100 इलेक्ट्रिक बसें दी जा रही हैं, जिनमें से 10 पहले ही पहुँच चुकी हैं। ‘तमारिंड फाल्स’ में 17.5 मेगावॉट का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगाया जाएगा। ऊर्जा के क्षेत्र में एक व्यापक समझौता भी किया गया है। (India and Mauritius Relation)

डिजिटल भुगतान प्रणाली के तहत पिछले वर्ष मॉरीशस में UPI और RuPay कार्ड की शुरुआत की गई। अब दोनों देश स्थानीय मुद्रा में व्यापार की दिशा में काम कर रहे हैं। PM मोदी ने कहा कि भारत लंबे समय से मॉरीशस के मानव संसाधन विकास में भागीदार रहा है। अब तक 5,000 से ज्यादा मॉरीशस के नागरिकों ने भारत में प्रशिक्षण लिया है। मसूरी में इस समय 500 सिविल सेवकों का प्रशिक्षण चल रहा है। उन्होंने बताया कि मॉरीशस में एक नया विज्ञान और प्रौद्योगिकी निदेशालय स्थापित किया जाएगा और मिशन कर्मयोगी के ट्रेनिंग मॉड्यूल भी शुरू किए जाएंगे। IIT मद्रास और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ प्लांटेशन मैनेजमेंट ने मॉरीशस विश्वविद्यालय के साथ समझौते किए हैं, जिससे रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध हिंद महासागर दोनों देशों की प्राथमिकता है। भारत मॉरीशस के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन की सुरक्षा और समुद्री क्षमताओं को मजबूत करने में मदद कर रहा है। मॉरीशस कोस्ट गार्ड के जहाज भारत में मरम्मत किए जा रहे हैं और 120 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हाइड्रोग्राफी सहयोग पर भी एक समझौता हुआ, जिसके तहत अगले पांच वर्षों तक संयुक्त EEZ सर्वे, नेविगेशन चार्ट्स और डेटा साझेदारी की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपिता सर शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि वे भारत और मॉरीशस के बीच अटूट सेतु के संस्थापक थे। यह जयंती दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने की प्रेरणा है। अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मॉरीशस दो राष्ट्र हैं, लेकिन हमारे सपने और भविष्य एक हैं।




