पिछले 10 साल से सिर्फ अन्याय देख रहे हैं: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

Priyanka Gandhi in Haryana: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हरियाणा के जुलाना में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा किसानों, जवानों और पहलवानों का प्रदेश है। कुछ साल पहले मैं अपनी बेटी को बास्केटबॉल कैंप के लिए हरियाणा लेकर आई थी। मुझे उसके कैंप से लौटने तक इंतजार करना था, जहां मैं इंतजार कर रही थी, वहां से कुछ दूरी पर एक दादाजी खेतों में कटाई कर रहे थे। मैंने उनसे कहा कि मुझे भी कटाई सिखाइए। उन्होंने मुझे थोड़ी कटाई सिखाई और फिर कहा कि आप थक गए होगे, घर चलो थोड़ा आराम कर लेना।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने गंदगी को ही जिंदगी मान लिया
प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं उनके घर गई तो उनके परिवार ने मुझे चाय पिलाई, पराठे खिलाए और ढेर सारी बातें की। इस बात को 8-10 साल बीत गए हैं। आज भी जब कभी वे घर आते हैं तो घी, गन्ना या बच्चों के लिए कुछ न कुछ लेकर आते हैं। यही अपनापन तो हरियाणा की संस्कृति और संस्कार हैं। मेरी बेटी हरियाणा के लिए खेलती थी। एक बार मैं उसके साथ बास्केटबाल कैंप के लिए पांडिचेरी गई। वहां एक रितिका नाम की बच्ची थी, जो हरियाणा से थी और बास्केटबाल टीम की कैप्टन थी। उसे मैच के दिन 102°C बुखार था, लेकिन वो मेहनत के साथ खेली। हरियाणा की हर लड़की के दिल में कुछ कर गुजरने की आग होती है। विनेश ने भी ऐसा संघर्ष किया और जब मेडल जीतकर आई तो सभी को गर्व हुआ, PM मोदी उनसे मिले, लेकिन फिर सरकार, सिस्टम से भरोसा उठ गया, क्योंकि विनेश और उसके साथियों के साथ अन्याय हुआ। (Priyanka Gandhi in Haryana)
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हरियाणा की जनता के साथ हर स्तर पर अन्याय हो रहा है। काले कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली बॉर्डर पर बैठे रहे, 750 किसान शहीद हो गए, लेकिन PM मोदी उनसे नहीं मिले, लेकिन जब यूपी में चुनाव आए, तब उन्होंने ये कानून वापस ले लिए। आज BJP हरियाणा में 24 उपज पर MSP देने की बात कर रही है, लेकिन उनमें से 10 ऐसी फसल हैं, जो हरियाणा में किसान उगाते ही नहीं हैं। हरियाणा की धरती पर ही भगवान श्री कृष्ण ने गीता का उपदेश दिया और कहा- जब-जब इस दुनिया में अन्याय बढ़ेगा तो मैं आऊंगा और अन्याय के खिलाफ लड़ूंगा। गीता की सीख से ही गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन चलाया। आने वाली नवरात्रि के त्योहार में भी हम अन्याय के खिलाफ न्याय की विजय मनाएंगे। ये हमारी परंपरा है। (Priyanka Gandhi in Haryana)
हरियाणा के बवानी खेड़ा में प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सब कुछ अडानी-अंबानी को दे दिया है, ऐसे में रोजगार कैसे बनेंगे? आज छोटे व्यापार और खेती किसानी से रोजगार खत्म हो चुके हैं। इस सरकार की नीतियां ही आपके खिलाफ हैं। BJP अग्निवीर लेकर आई, जिसमें 4 साल की नौकरी है और कोई पेंशन नहीं है। युवा 4 साल बाद बेरोजगार हो जाए और फिर नौकरी ढूंढें। इसी तरह हरियाणा के लोगों को फैमिली ID के झांसे में फंसाकर, सरकारी सुविधाओं से दूर किया जा रहा है। पिछले 10 साल से आप सिर्फ अन्याय देख रहे हैं। भगवान ने कहा था कि जब-जब अन्याय होगा, तो न्याय की लड़ाई के लिए वे आपके बीच उतरेंगे। लेकिन यही भगवान आपके दिल में भी हैं, तो आप इस अन्याय के खिलाफ कब खड़े होंगे? (Priyanka Gandhi in Haryana)
उन्होंने कहा कि जब विनेश अन्याय के खिलाफ खड़ी हुई तो बड़े-बड़े नेताओं ने इसका साथ छोड़ दिया, लेकिन इस देश की जनता विनेश के साथ खड़ी हो गई। क्योंकि आपके दिल में सच्चाई है, आपके दिल में भगवान हैं। हरियाणा सरकार में भ्रष्टाचार की लिस्ट- डाडम खनन घोटाला, यमुना खनन घोटाला, शराब घोटाला, मेट्रो रूट बदला और घोटाला, अमृत योजना और सफाई घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, धान खरीद घोटाला, रोडवेज स्कीम घोटाला, पेपर लीक, HPSC, HSSC भर्ती घोटाला। BJP सरकार ने हर तरह से आपको बर्बाद करने का काम किया है। कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट ने कहा कि जब आपकी बेटी जंतर-मंतर पर बैठी थी, तब प्रियंका गांधी जी बड़ी बहन के नाते हमसे मिलने आई थीं। उन्होंने हमें जो हिम्मत दी, मैं उसे बयां नहीं कर सकती हूं। (Priyanka Gandhi in Haryana)
फोगाट ने कहा कि बचपन से लेकर आजतक मैंने जो संघर्ष किया है, उसमें पूरा देश मेरे साथ खड़ा रहा है।मैं विश्वास दिलाना चाहती हूं कि जिस तरह आप मेरे साथ खड़े रहे, वैसे ही मैं आपके सुख-दुख और हक की लड़ाई में दो कदम आगे खड़ी रहूंगी। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जब लखीमपुर में किसानों को रौंदा गया तो प्रियंका गांधी जी सबसे पहले वहां पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखा। जब पहलवान बेटियां जंतर-मंतर में बैठी तो वहां भी प्रियंका गांधी जी पहुंची और उन बेटियों का दर्द बांटा। हर अन्याय के खिलाफ लड़ने वाली प्रियंका हमारे यहां आईं है, इसलिए हम सभी आपका स्वागत करते हैं। हरियाणा से सिर्फ एक ही आवाज आ रही है- ‘BJP सरकार जा रही है और कांग्रेस की सरकार आ रही है’। (Priyanka Gandhi in Haryana)



