BJP ने युवाओं को बेरोजगारी में धकेल दिया: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

Priyanka Gandhi in Haryana: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हरियाणा के नारायणगढ़ स्थित हुड्डा ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है कि BJP को हराना है, कांग्रेस को जिताना है। भगवान श्रीकृष्ण ने हरियाणा की धरती पर गीता का उपदेश दिया। ‘न्याय का संदेश’ यहीं से निकला था। इसी न्याय के संदेश ने हमारे धर्म, देश और संविधान को बनाया। हरियाणा ने हमेशा देश की रक्षा की है। आपके बच्चे सरहदों पर जाकर देश की सुरक्षा करते हैं और देश के लिए जान देने को तैयार रहते हैं, लेकिन पूरे देश को सुरक्षित रखने के बदले में पिछले 10 साल में आपको सिर्फ अपमान मिला।
उन्होंने कहा कि किसानों पर लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले दागे। हरियाणा के युवाओं को बेरोजगारी में धकेल दिया। हरियाणा को मोदी सरकार से सिर्फ बड़े-बड़े वादे मिले हैं। BJP के नेता अब फिर जनता से नए-नए वादे कर रहे हैं। सवाल है कि 10 साल सरकार में रहते हुए BJP ने अपने वादे पूरे क्यों नहीं किए? यहां के किसानों, महिलाओं, युवाओं और पहलवानों की सुनवाई क्यों नहीं हुई? हरियाणा में जो कांग्रेस की लहर है, ये आपके सम्मान की लहर है। अगर आप किसी के बहकावे में आकर बंट जाएंगे, तो आपको आपका सम्मान वापस नहीं मिलेगा। संविधान ने आपको वोट का अधिकार दिया है, आप इसका बेहद सावधानी से इस्तेमाल करें। (Priyanka Gandhi in Haryana)
किसानों के साथ विश्वासघात हुआ: प्रियंका
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस आ रही है। BJP जा रही है। हरियाणा में हमारे खिलाड़ी मेहनत करते हैं। ओलंपिक में जाते हैं और पूरे देश का मान रखते हैं, लेकिन जब महिला पहलवानों ने दिल्ली में आंदोलन किया, तो PM मोदी उनसे मिलने तक नहीं गए। उन्होंने पूछा तक नहीं कि हम क्या मदद कर सकते हैं? प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यहां का किसान पूरे देश का अन्नदाता है। आपने आंदोलन किया तो आपको कहा गया कि MSP मिलेगी, लेकिन आपके साथ विश्वासघात हुआ। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। आपने देखा कि हाल ही में ओलंपिक में क्या हुआ। सरकार आपके लिए कुछ नहीं कर रही है। एक भी भर्ती नहीं होती है। (Priyanka Gandhi in Haryana)



