Google Analytics —— Meta Pixel

भारतीय जनता पार्टी से मिले हुए हैं गुजरात कांग्रेस के आधे नेता: सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi in Gujarat: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुजरात के अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निकाय चुनावों के पूर्व उम्मीदवारों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश में हर तरफ अन्याय बढ़ता जा रहा है- ऐसे में कांग्रेस के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के ऊपर एक बड़ी जिम्मेदारी है। हमें साथ मिलकर इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ना होगा। कांग्रेस की सत्य, अहिंसा और सद्भाव की विचारधारा के लिए लड़ना होगा। कांग्रेस पार्टी को मूल नेतृत्व गुजरात ने दिया, जिसने हमें सोचने, लड़ने और जीने का तरीका सिखाया। 

यह भी पढ़ें:- महिलाओं की समृद्धि से ही होगी प्रदेश की उन्नति – राजस्व मंत्री वर्मा

राहुल गांधी ने कहा कि गांधी जी के बिना कांग्रेस पार्टी देश को आज़ादी नहीं दिलवा पाती, और गुजरात के बिना गांधी जी नहीं होते। उनके एक कदम पीछे, गुजरात ने हमें सरदार पटेल को दिया। आज वहीं गुजरात रास्ता ढूंढ रहा है। यहां के छोटे व्यापारी, उद्यमी, किसान – सब संकट में हैं। डायमंड, टेक्सटाइल और सिरेमिक इंडस्ट्रीज बर्बाद हो रही हैं। गुजरात के लोग कह रहे हैं कि हमें नया विज़न चाहिए, क्योंकि जो विज़न पिछले 20-25 साल से चल रहा है, वह पूरी तरह फेल हो चुका है। गुजरात नया विकल्प चाह रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी उसे दिशा नहीं दिखा पा रही है। यह सच्चाई है, और इसे कहने में मुझे कोई शर्म या डर नहीं है। हमें कांग्रेस की उसी विचारधारा पर लौटना होगा, जो गुजरात की विचारधारा है – जो गांधी जी और सरदार पटेल जी ने हमें सिखाई थी। (Rahul Gandhi in Gujarat)

कांग्रेस सांसद ने कहा कि हमें जनता के बीच जाना होगा, उनकी बातें सुननी होंगी। हमें दिखाना होगा कि हम सिर्फ नारे लगाने नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान ढूंढने आए हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से हमने साबित किया कि कांग्रेस आसानी से जनता से जुड़ सकती है। जैसे ही हम यह बदलाव लाएंगे और अपने कर्तव्यों को निभाने लगेंगे, गुजरात के लोग हमारे साथ खड़े हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने कल वरिष्ठ नेताओं, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात की। मेरा लक्ष्य था- आपके दिल की बातें जानना और समझना। इस बातचीत में संगठन, गुजरात की राजनीति और यहां की सरकार के कामकाज से जुड़ी बहुत सी बातें सामने आईं, लेकिन मैं यहां सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए नहीं आया हूं, बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और छोटे व्यापारियों के लिए आया हूं। (Rahul Gandhi in Gujarat)

राहुल ने कहा कि गुजरात कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सीधे जनता से जुड़ना ही पड़ेगा – तभी जनता आप में यकीन करेगी। गुजरात की जनता, व्यापारी, किसान, मजदूर, छात्र प्रदेश में विपक्ष चाहते हैं। ये लोग गुजरात में ‘B-टीम’ नहीं चाहते हैं। मेरी जिम्मेदारी इन दो ग्रुप को अलग करने की है। हमारा पहला काम- इन दो ग्रुप को अलग करना है। अगर हमें सख्त कार्रवाई करनी पड़े, 30-40 लोगों को निकालना पड़े तो निकाल देना चाहिए। BJP के लिए लोग अंदर से काम कर रहे हैं, तो उन लोगों को निकालो और बाहर से BJP के लिए काम करने दो। फिर देखते हैं, कैसे इनकी वहां जगह बनती है, क्योंकि वो उठाकर बाहर फेंक देंगे। हमारे वरिष्ठ नेताओं, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के दिल में कांग्रेस होना चाहिए। (Rahul Gandhi in Gujarat)

कांग्रेस की विचारधारा गुजरात की विचारधारा: राहुल

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के हाथ में ही संगठन का कंट्रोल जाना चाहिए। हम जैसे ही ये काम करेंगे, गुजरात की जनता हमारे संगठन से जुड़ेगी। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा असलियत में गुजरात की विचारधारा है। गुजरात की जनता, महात्मा गांधी जी और सरदार पटेल जी ने कांग्रेस को सिखाया है। गुजरात की ‘बैकबोन’ छोटे व्यापारी, स्माल-मीडियम साइज़ बिजनेस और उद्यमियों हैं, लेकिन अब वह खत्म हो गए हैं। आज डायमंड इंडस्ट्री, टेक्सटाइल इंडस्ट्री, सिरेमिक इंडस्ट्री से जुड़े लोग और प्रदेश के किसान कह रहे हैं कि हमें ‘नया विजन’ चाहिए। क्योंकि पिछले 25 साल से जो विजन चल रहा है, वह फेल हो गया है। कांग्रेस पार्टी बहुत आसानी से लोगों को ‘नया विजन’ दे सकती है। (Rahul Gandhi in Gujarat)

कांग्रेस को अंग्रेजों का सामना करना पड़ रहा था: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी को अंग्रेजों का सामना करना पड़ रहा था। तब हम देश में हर जगह नेतृत्व ढूंढ रहे थे। कांग्रेस पार्टी हिंदुस्तान की जनता का प्रतिनिधित्व कर रही थी, लेकिन हमें नेतृत्व गुजरात से मिला, जिनका नाम महात्मा गांधी था। महात्मा गांधी जी के नेतृत्व ने हमें सोचने, लड़ने और जीने का तरीका दिया। गांधी जी के बिना कांग्रेस पार्टी देश को आजादी न दिलवा पाती। गांधी जी के साथ गुजरात ने हमें सरदार पटेल जी भी दिए। यानी हिंदुस्तान को गुजरात ने रास्ता दिखाया। कांग्रेस पार्टी में हमारे सबसे बड़े नेताओं में से 2 नेता गुजरात के थे। आज एक बार फिर से गुजरात रास्ता देखना चाह रहा है। हमारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने दिखाया है कि जनता कैसे जुड़ती है। कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा में जनता कांग्रेस पार्टी से जुड़ी और देश की राजनीति बदल गई। (Rahul Gandhi in Gujarat)

गुजरात में विपक्ष के पास 40% वोट: राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं को गुजरात की जनता के बीच में जाना होगा। जनता के घर-घर जाकर उनके दिल की आवाज सुननी होगी। हमें जनता से पूछना होगा कि हम आपके लिए क्या कर सकते हैं। गुजरात में विपक्ष के पास 40% वोट है। आप कहीं भी प्रदेश में दो लोगों को खड़ा कर देंगे तो उसमें एक BJP और दूसरा कांग्रेस का निकलेगा। अगर गुजरात में हमारा 5% वोट और बढ़ जाए तो कांग्रेस की सरकार आ जाएगी। तेलंगाना में हमने 22% वोट बढ़ाया है, यहां तो सिर्फ 5% की जरूरत है। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने खुद से पूछा कि मेरी और कांग्रेस पार्टी की क्या जिम्मेदारी है? तकरीबन पिछले 30 सालों से हम यहां सरकार में नहीं हैं। (Rahul Gandhi in Gujarat)

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने साधा निशाना

राहुल ने कहा कि जब तक हम अपनी जिम्मेदारी को पूरा नहीं करेंगे, तब तक गुजरात की जनता हमें चुनाव में विजयी नहीं बनाएगी, जिस दिन हमने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी, उसी दिन गुजरात के सभी लोग कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दे देंगे। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मुझे लगता है कि अपनी पार्टी, जनता, संवैधानिक संस्थाओं और मीडिया पर दोषारोपण करते-करते राहुल गांधी अपने लोगों पर भी दोषारोपण करने लगे हैं। मैं उन्हें सुझाव देना चाहूंगा कि वे दूसरों में दोष देखना बंद करें और आत्म अवलोकन करें। (Rahul Gandhi in Gujarat)

Back to top button
error: Content is protected !!