हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे अप्रत्याशित: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul on Haryana Election: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के परिणाम घोषित होने के बाद लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया। प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है। हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। कई विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे। सभी हरियाणावासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक, सामाजिक, आर्थिक न्याय और सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे। आपकी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : वनमंत्री कश्यप ने हरियाणा में कांग्रेस के जलेबी ऑर्डर को लेकर कसा तंज, कहा- शपथ ग्रहण समारोह में खिलाएंगे जलेबी
राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के लोगों को कांग्रेस पार्टी और नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को सेवा का मौका देने के लिए हृदय से धन्यवाद। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, उपाध्यक्ष और गठबंधन सरकार के मुखिया उमर अब्दुल्ला को शानदार जीत की बधाई। यह जनमत जम्मू और कश्मीर के लोगों ने भाजपा के जनविरोधी नीतियों, जनता के अधिकारों का हनन और उत्पीड़न और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ दिया है। हमारी गठबंधन सरकार आपकी आकांक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी। आपकी खुशहाली और संवैधानिक हकों की रक्षा के लिए INDIA गठबंधन पूरी तरह संकल्पित है। (Rahul on Haryana Election)
हरियाणा का परिणाम अप्रत्याशित: खड़गे
खड़गे ने कहा कि हरियाणा का परिणाम अप्रत्याशित है। पार्टी इस जनमत का आकलन कर रही है। हमारे जमीनी कार्यकर्ताओं से बात कर पूरी जानकारी हासिल करने और तथ्यों को जांच लेने के बाद पार्टी की तरफ से विस्तृत प्रतिक्रिया आएगी। हम हरियाणा के लोगों को कांग्रेस पार्टी को वोट देने के लिए आभार व्यक्त करते हैं। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। तानाशाही से हमारी लड़ाई लंबी है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि पार्टी सब लोगों से बातचीत करके हम कारण का पता लगाएंगे कि हम क्यों हार गए। हरियाणा के लोगों को भी बड़ा झटका लगा है। भाजपा ने कूटनीतिक चाल चली, जिसका उनको फायदा मिला। भाजपा महाराष्ट्र, झारखंड में हारेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में भी ये हारेंगे। (Rahul on Haryana Election)
हर जगह एग्जिट पोल में हमारी जीत बताई गई: राव
कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने कहा कि हर जगह एग्जिट पोल में हमारी जीत बताई गई थी, लेकिन फिर भी हम हार गए। इसके पीछे क्या कारण थे? मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल इसमें सर्वे करेंगे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सभी लोग हरियाणा गए। वहां का माहौल तो हमारे पक्ष में था। हम इसके बारे में विचार करेंगे, ताकि आने वाले दिनों में हम उसे सुधार पाएं। वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जम्मू-कश्मीर में भी गए, वहां के लोगों में बदलाव आया। हार-जीत तो होती रहती है, लेकिन हमारी जीत को हर जगह दिखाया गया। इसलिए थोड़ी तकलीफ होती है। भाजपा नेता अनिल विज ने कहा कि अगर कांग्रेस चुनाव नतीजों को स्वीकार नहीं करते तो चुल्लू भर पानी में डूब मरें, जहां नतीजे तुम्हारे खिलाफ हों वहां EVM खराब है और जहां नतीजे तुम्हारे पक्ष में हों वहां EVM ठीक हैं। (Rahul on Haryana Election)
अपनी-अपनी करनी और भरनी: अनिल विज
दुष्यंत चौटाला की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि ये अपनी-अपनी करनी और भरनी है। इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अगर EVM काम नहीं करी तो यह जम्मू-कश्मीर में कैसे काम कर गई? जब वे हारते हैं तो खामियां ढूंढने लगते हैं। वे बुरी तरह हारे हुए हैं। जनता ने उन्हें जवाब दिया है। हमें अभी लोकतंत्र का जश्न मनाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ईवीएम को दोषी ठहराया है। जब वे तेलंगाना जीते तो यह उनकी जीत थी और जब वे हारते हैं तो ईवीएम को दोषी ठहराया जाता है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हरियाणा की जनता ने परिवारवाद की राजनीति को, विरासत की राजनीति को नकारते हुए एक बार फिर विकासवादी राजनीति को प्राथमिकता दी है। (Rahul on Haryana Election)
कांग्रेस बेनकाब हो गई: मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस बेनकाब हो गई है। वह हमेशा जाति के आधार पर लोगों को बांटकर उनको लड़ाना चाहती थी। हरियाणा में कांग्रेस ने पहलवानों, किसानों और जवानों को भी बांटने की कोशिश की लेकिन सब भाजपा के साथ हैं। भाजपा नेता जयवीर शेरगिल ने कहा कि जब वोटों की गिनती हो रही थी तब राहुल गांधी देश में ही नहीं थे। वह 3-4 दिन पहले ही देश से बाहर गए हुए थे तो राहुल गांधी को देश में क्या हो रहा वो उन्हें पता ही नहीं है। राहुल गांधी उस बालक की तरह हैं, जो हमेशा परीक्षा में फेल होने के बाद अपने शिक्षक या प्रश्न पत्र या अपने स्कूल पर आरोप लगाता है, लेकिन अपनी गलती कभी नहीं स्वीकार करता। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी आज अपने विनाश पद पर चल चुकी है। आज राहुल गांधी के साथी INDI गठबंधन जो हैं वो भी आज कांग्रेस को एक बोझ समझ रहे हैं। (Rahul on Haryana Election)



