छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर ओडिशा के ऊपर बने मजबूत लो प्रेशर एरिया की वजह से बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी प्रदेश में पहुंच रही है। इसी कारण मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद समेत 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 48 घंटे तक कई जगहों पर भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। हालांकि अब तक पूरे प्रदेश में सामान्य से लगभग 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन वर्तमान सिस्टम उस कमी को काफी हद तक पूरा कर सकता है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ विधानसभा में 14 घंटे की बहस के बाद गिरा विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव, सत्ता पक्ष ने कहा- जनता का विश्वास हमारे साथ
पिछले 24 घंटे में बिलासपुर में लगभग 280 मिमी, अकलतरा में 170 मिमी, गिधौरी-तुंद्रा में 130 मिमी, सीपत, मैनपुर और नवागढ़ में 110-110 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर शहर में 90 मिमी और एयरपोर्ट क्षेत्र में 50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन जिलों में पहले से भारी बारिश हो चुकी है, वहां छोटे नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं। निचले इलाकों में जलभराव बढ़ सकता है और कई ग्रामीण मार्ग बाधित हो सकते हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास नहीं जाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। (Rain Alert in Chhattisgarh)
ऐसा रहा शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| पेंड्रारोड | 30.2 | 22.8 |
| अंबिकापुर | 29.4 | 24.0 |
| जगदलपुर | 28.8 | 22.8 |
| रायपुर | 26.8 | 23.9 |
| राजनांदगांव | 26.6 | 21.5 |
| बिलासपुर | 26.1 | 23.8 |
| दुर्ग | 26.0 | 23.4 |
प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री, दुर्ग 26 डिग्री, राजनांदगांव 26.6 डिग्री, अंबिकापुर 29.4 डिग्री और जगदलपुर 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं लगातार हो रही बारिश से किसानों के लिए राहत और चिंता दोनों की स्थिति बनी हुई है। धान की रोपाई वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पानी मिलने से खेती को फायदा होने की उम्मीद है, लेकिन अत्यधिक बारिश वाले जिलों में खेतों में जलभराव से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली गिरने या तेज बहाव वाले नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। प्रशासन ने भी नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी है। (Rain Alert in Chhattisgarh)



