देशभर में मौसम का डबल अटैक, कहीं बारिश तो कहीं रिकॉर्डतोड़ गर्मी, बिहार में आंधी-बारिश से 9 मौतें

Rain Alert in Many States: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है, तो दूसरी ओर मध्य और पश्चिम भारत भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए कई राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें:- सूरजपुर में फिर शर्मसार हुई इंसानियत, 5 दिन में 2 मासूमों से दरिंदगी, 8 और 9 साल की बच्चियां बनी हवस का शिकार
बिहार में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। राजधानी पटना समेत सात जिलों में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर पड़े। हादसों में राज्यभर में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें सबसे ज्यादा 5 मौतें पटना में हुईं। तेज आंधी के कारण 600 से ज्यादा पेड़ गिरने की जानकारी सामने आई है। पटना में अचानक बदले मौसम के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और विधानसभा परिसर तक में पानी भर गया। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 20 जिलों में फिर से आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। (Rain Alert in Many States)
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने ली करवट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली। आगरा, जालौन, ललितपुर और मऊ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। मऊ जिले में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों बाद प्रदेश में गर्मी का असर और बढ़ेगा तथा तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर और फलोदी में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर शुरू हो चुका है। हालांकि नागौर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर में हल्की बारिश भी हुई।
टिन शेड की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
बूंदी जिले में तेज आंधी के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक बुजुर्ग टिन शेड के साथ उड़कर करीब 80 फीट दूर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य के तीन जिलों में हीटवेव और चार जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में भी मौसम के दोहरे रूप देखने को मिले। भोपाल, रायसेन, छिंदवाड़ा समेत 20 से ज्यादा जिलों में शुक्रवार को आंधी और हल्की बारिश हुई, जबकि कई हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रही। रतलाम में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि शाजापुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रविवार से गर्मी और तेज होने की संभावना जताई गई है। (Rain Alert in Many States)
अहमदाबाद में तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज
गुजरात और महाराष्ट्र में भी गर्मी का असर बना हुआ है। गुजरात के अहमदाबाद में शुक्रवार को तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महाराष्ट्र के वाशिम में पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम पूरी तरह बदला नजर आया। हिमाचल के शिमला में भारी ओलावृष्टि के बाद सड़कों पर बर्फ जैसी मोटी परत जम गई। वहीं उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने का अनुमान भी जताया है। मौसम विभाग के अनुसार 10 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
11 मई को भी कई जगह अलर्ट जारी
वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। 11 मई को भी उत्तराखंड के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक का अनुमान है, जबकि पंजाब और बिहार में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। देशभर में मौसम के इस बदले हुए मिजाज ने एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी है, तो दूसरी ओर आंधी, बारिश और बिजली गिरने जैसी घटनाओं ने जनजीवन और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। कहीं तेज आंधी और बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन रही है तो कहीं भीषण गर्मी और हीटवेव जनजीवन को प्रभावित कर रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कई राज्यों में खराब मौसम और तेज गर्मी की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



