Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव की आहट! PCC चीफ बनने की रेस में टीएस सिंहदेव, बोले- मौका मिला तो संभालूंगा जिम्मेदारी

Singhdeo on PCC Chief: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़े संगठनात्मक बदलावों की चर्चाओं के बीच पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की इच्छा जाहिर कर सियासी हलचल तेज कर दी है। सिंहदेव ने कहा है कि अगर मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को बदला जाता है और पार्टी हाईकमान उन्हें मौका देता है तो वे PCC चीफ की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर चर्चा होना स्वाभाविक है और उन नामों की सूची में उनका नाम भी जरूर शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में सभी को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता रही है और वे संगठन में भेदभाव की स्थिति कम से कम रखना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें:- देशभर में मौसम का डबल अटैक, कहीं बारिश तो कहीं रिकॉर्डतोड़ गर्मी, बिहार में आंधी-बारिश से 9 मौतें 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखना जरूरी है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए समन्वय और संपर्क सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। सिंहदेव ने यह कहा कि अगर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है तो वे पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ काम करेंगे। दरअसल, कांग्रेस संगठन में इन दिनों बदलाव और नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। पार्टी ने संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान के तहत जिला स्तर पर बदलाव शुरू कर दिए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही राज्य स्तर पर भी बड़े फैसले हो सकते हैं। सिंहदेव के बयान को कांग्रेस संगठन के भीतर संभावित बड़े फेरबदल के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। (Singhdeo on PCC Chief)

क्या हैं राजनीतिक मायने ?

आगामी नगरीय निकाय चुनाव और भविष्य की राजनीतिक रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की तैयारी में जुटी दिखाई दे रही है। सिंहदेव ने खुद को केवल सरगुजा क्षेत्र तक सीमित मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि विधायक, नेता प्रतिपक्ष और डिप्टी CM जैसे पदों पर काम करने के दौरान उनका जुड़ाव पूरे प्रदेश के लोगों से बना है। उन्होंने कहा कि अगर कोई यह मानता है कि प्रदेश अध्यक्ष सरगुजा का प्रतिनिधित्व करेगा तो यह समझना जरूरी है कि PCC चीफ का पद पूरे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करता है, न कि किसी एक क्षेत्र का। जानकारों के मुताबिक टीएस सिंहदेव का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस संगठन में नेतृत्व परिवर्तन और नई रणनीति को लेकर मंथन चल रहा है। सिंहदेव को पार्टी का अनुभवी और संतुलित चेहरा माना जाता है। ऐसे में उनके बयान ने प्रदेश कांग्रेस की राजनीति को नई दिशा दे दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस हाईकमान छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक बदलाव को लेकर क्या फैसला लेता है और PCC चीफ की रेस में आखिर किस नाम पर मुहर लगती है।

कौन हैं टीएस सिंहदेव ?

टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उनका पूरा नाम त्रिभुवनेश्वर शरण सिंहदेव है। वे सरगुजा राजघराने के 118वें और वर्तमान महाराजा हैं और प्रदेशभर में सरगुजा महाराज के नाम से प्रसिद्ध हैं। 31 अक्टूबर 1952 को जन्मे सिंहदेव, सरगुजा महाराज मदनेश्वर शरण सिंहदेव और राजमाता देवेंद्र कुमारी के बेटे हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्म लेने के कारण उन्हें राजनीति विरासत में मिली। उनके पिता अविभाजित मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव रहे, जबकि उनकी माता को भी मंत्री रहने का अनुभव था। राजघराने से ताल्लुक रखने के बावजूद टीएस सिंहदेव अपनी सादगी, सौम्य व्यवहार और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाते हैं। कांग्रेस संगठन में उनकी छवि एक प्रभावशाली लेकिन सहज नेता की रही है। खासकर सरगुजा संभाग में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। (Singhdeo on PCC Chief)

Back to top button
error: Content is protected !!