सूरजपुर में फिर शर्मसार हुई इंसानियत, 5 दिन में 2 मासूमों से दरिंदगी, 8 और 9 साल की बच्चियां बनी हवस का शिकार
Rape in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जिले में पांच दिन के भीतर दूसरी मासूम बच्ची दरिंदगी का शिकार हुई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और एक बार फिर बेटियों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर समाज में पनप रहे ऐसे मानसिक विकृत लोगों पर कब लगाम लगेगी और मासूम बच्चियां कब सुरक्षित महसूस कर पाएंगी, यह चिंता अब गंभीर रूप लेती जा रही है। जानकारी के मुताबिक तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 8 साल की बच्ची आम बिनने के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव के ही एक अधेड़ व्यक्ति ने बच्ची को अकेला पाकर उसका मुंह बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें:- तमिलनाडु में सत्ता पर सस्पेंस, विजय थलापति की शपथ पर ग्रहण !
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर जब बच्ची घर पहुंची तो उसने दर्द की शिकायत की, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। बच्ची की हालत देखकर परिवार के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। बच्ची की मां की शिकायत पर केस दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच और पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। इस घटना को लेकर एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराते हुए वैधानिक कार्रवाई पूरी की है।
9 साल की बच्ची से हुई थी वारदात
इससे पहले भी जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा के साथ हैवानियत की घटना सामने आई थी। बच्ची के साथ उसके चचेरे दादा ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। दरअसल, पीड़िता अपने सहेली के घर खेलने गई थी, तभी आरोपी उसे खिलाने के बहाने फुसलाकर अपने घर के पीछे ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। घटना के बाद बच्ची बदहवास हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पांच दिन के भीतर दूसरी मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे जिले में दहशत और आक्रोश का माहौल बना दिया है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने कानून व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Rape in Surajpur)
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जताई चिंता
वहीं महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी घटना पर चिंता जताई है। मंत्री ने कहा कि पहले सामने आए मामले में भी पुलिस अधीक्षक को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे और ताजा मामले में भी पुलिस प्रशासन तेजी से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज को भी जागरूक और सतर्क होने की जरूरत है, ताकि बच्चों और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोका जा सके। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर कर रही हैं कि आखिर मासूम बच्चियां कब तक दरिंदों की हवस का शिकार बनती रहेंगी। जरूरत सिर्फ सख्त कानून की नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक सतर्कता और मानसिक विकृति से ग्रसित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी है। तभी समाज में बेटियां सुरक्षित माहौल में जी सकेंगे। (Rape in Surajpur)



