रायपुर में झमाझम बारिश, कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

Rain in Raipur: राजधानी रायपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शहर में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं बारिश के चलते सड़कों पर यातायात प्रभावित होता नजर आया। इधर, मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब बना रह सकता है।
यह भी पढ़ें:- प्रेमिका और मासूम बेटी की हत्या, शादी से बचने युवक ने किया डबल मर्डर, हाईकोर्ट ने उम्रकैद रखी बरकरार
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, सूरजपुर और कोरिया के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। बारिश और मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते वायरल और सर्दी-खांसी जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से भीगने से बचने, गर्म पेय पदार्थ लेने और बच्चों-बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की अपील की है।



