Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर-बलौदाबाजार रोड होगा फोरलेन, 1500 करोड़ की परियोजना से सफर होगा आसान

Raipur-Balodabazar Road : छत्तीसगढ़ में रायपुर से बलौदाबाजार और सारंगढ़ की ओर सफर करने वाले लोगों को जल्द जाम और खराब यातायात से राहत मिल सकती है। रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग (Raipur-Balodabazar Road) के फोरलेन चौड़ीकरण की दिशा में नेशनल हाईवे विभाग ने बड़ी पहल करते हुए परियोजना का डीपीआर तैयार कर लिया है। करीब 1500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा।

सड़क चौड़ीकरण के बाद यात्रियों को तेज और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी। साथ ही यात्रा समय में करीब एक से सवा घंटे तक की बचत होने की संभावना जताई जा रही है।

दो चरणों में होगा निर्माण कार्य

परियोजना के पहले चरण में धनेली से पुराने विधानसभा मार्ग तक 11.610 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। रायपुर शहर से जुड़े होने के कारण इस मार्ग पर सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव रहता है।

वहीं दूसरे चरण में पुराने विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर सड़क को फोरलेन में बदला जाएगा। इस हिस्से पर करीब 1050 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सड़क को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने की योजना है, ताकि भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को आसानी से संभाला जा सके।

फ्लाईओवर और ओवरब्रिज भी बनेंगे

परियोजना के तहत कई प्रमुख स्थानों पर फ्लाईओवर और ओवरब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है। नरदहा चौक पर 200 मीटर हिस्से को छोड़कर सिक्स लेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। धनेली चौक पर पुराने पुल को हटाकर नया फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा, जबकि धनेली गांव में भी अलग फ्लाईओवर बनाया जाएगा।

इसके अलावा टेकारी रेलवे क्रॉसिंग और बरौदा गांव में ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।

उद्योग और व्यापार को मिलेगा फायदा

रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग (Raipur-Balodabazar Road) औद्योगिक और व्यावसायिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस रूट पर बड़ी संख्या में सीमेंट उद्योग संचालित हैं, जहां प्रतिदिन भारी वाहनों की आवाजाही होती है। फोरलेन बनने के बाद माल परिवहन अधिक तेज और सुगम हो सकेगा।

विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क बेहतर होने से स्थानीय व्यापार, परिवहन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। साथ ही संकरी सड़क और भारी ट्रैफिक के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

जल्द दिल्ली भेजी जाएगी परियोजना

नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर ज्ञानेश्वर कश्यप ने बताया कि परियोजना का डीपीआर और ड्राइंग डिजाइन तैयार कर लिया गया है। अब इसे मंजूरी के लिए दिल्ली मुख्यालय भेजा जाएगा। तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यह परियोजना केवल सड़क चौड़ीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे रायपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को गति देने वाले बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़े :- बिहार के सासाराम स्टेशन पर ट्रेन की जनरल बोगी में लगी आग, एक दिन पहले राजधानी एक्सप्रेस में भी लगी थी आग

Back to top button
error: Content is protected !!