छत्तीसगढ़ के स्कूलों के समय में बदलाव, दो पालियों में लगेंगी कक्षाएं

CG School Timing: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच प्रदेश के सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11 बजे तक लगेंगी। वहीं दो पालियों में संचालित होने वाले स्कूलों में प्राइमरी और मिडिल स्कूल- सुबह 7 से 11 बजे तक और हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल- सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक लगेंगी। यह आदेश 4 अप्रैल से 30 अप्रैल तक राज्य के सभी निजी और सरकारी स्कूलों पर प्रभावी होगा। प्रदेश के 3 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। सोमवार को राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। दिन का तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहा। बाकी जिलों में भी तापमान 38 डिग्री के पार जा चुका है।

यह भी पढ़ें:- चुनाव ड्यूटी को लेकर लापरवाही, 19 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

छत्तीसगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक दिन की तुलना में रात में गर्मी से हल्की राहत है। दिन का तापमान सभी जगहों पर सामान्य से ज्यादा है, लेकिन रात का पारा सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को पेंड्रा रोड में रात का तापमान 18.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, माना एयरपोर्ट और दुर्ग में रात का तापमान 18 से 22 डिग्री के बीच रहा। सभी जगहों पर तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। सिर्फ राजधानी रायपुर में रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम बलरामपुर में 17.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। (CG School Timing)

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 6 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहेगा, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच रहेगा। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। भारत में जब किसी मैदानी क्षेत्र का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा और पहाड़ी क्षेत्रों में कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा तक पहुंच जाता है तो इसे हीटवेव की स्थिति माना जाता है। इसके अलावा सामान्य तापमान से 7 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा की बढ़ोतरी को गंभीर हीटवेव की स्थिति माना जाता है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में लू की संभावना जताई है। (CG School Timing)

Related Articles

Back to top button