बीपी मशीन में छिपी ‘मौत’! कुरियर से आई कोकीन का रायपुर में हाईटेक खेल बेनकाब
दिल्ली कनेक्शन, फर्जी नाम से पार्सल, ग्रैंड विटारा में सप्लाई का प्लान, 4.55 ग्राम कोकीन के साथ युवक गिरफ्तार

Raipur Cocaine Smuggling: राजधानी रायपुर में एक ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। बाहर से बिल्कुल सामान्य दिखने वाली बीपी मशीन के अंदर छिपी थी नशे की खतरनाक खेप और उसी के साथ पकड़ा गया एक पूरा खेल ! देवेंद्र नगर इलाके में खड़ी एक कार… अंदर बैठा युवक… और इंतजार किसी ग्राहक का, लेकिन इससे पहले कि सौदा पूरा होता, पुलिस ने पूरे ऑपरेशन को फिल्मी अंदाज में घेर लिया।
जैसे ही कार की तलाशी ली गई, एक कुरियर पैकेट ने सबका ध्यान खींचा। पैकेट खोला गया… अंदर थी एक बीपी मशीन, लेकिन असली राज तो तब खुला जब मशीन को खोलकर देखा गया। अंदर छिपी थी 4.55 ग्राम कोकीन। जांच में जो कहानी सामने आई, वो और भी चौंकाने वाली है। (Raipur Cocaine Smuggling)

कैसे चलता था ये खेल ?
- आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) दिल्ली के एक सप्लायर ‘निक’ से ड्रग्स मंगवाता था।
- कोकीन को मेडिकल उपकरणों और एंटीक आइटम के अंदर छिपाकर भेजा जाता था।
- पार्सल हमेशा किसी और ड्राइवर के नाम से बुक होता था।
- आरोपी डिलीवरी लेने खुद पहुंचता था।
- इसके बाद शहर में ग्राहकों तक सप्लाई की जाती थी।
- यानी पूरा नेटवर्क बेहद शातिर और तकनीकी तरीके से काम कर रहा था।
मौके से क्या-क्या मिला ?
- 4.55 ग्राम कोकीन (कीमत करीब ₹2.27 लाख)
- ग्रैंड विटारा कार
- एप्पल आईफोन
- कुल जब्ती: 20 लाख से ज्यादा
पुलिस की एंट्री और बड़ा खुलासा
जैसे ही मुखबिर से सूचना मिली, एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट, ANTF और देवेंद्र नगर पुलिस ने मिलकर जाल बिछाया… और आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। अब पूछताछ में एक-एक कड़ी खुल रही है। कौन है ‘निक’ ? कहां से आता था ये नेटवर्क ? और किन-किन शहरों तक फैला है ये जाल ? पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक’ खंगाल रही है। कुरियर कंपनी की भूमिका भी जांच के घेरे में है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क के और चेहरे बेनकाब होंगे।

सावधान!
अब नशे का खेल सिर्फ गलियों तक सीमित नहीं रहा…कुरियर, मेडिकल उपकरण और ऑनलाइन नेटवर्क इसका नया हथियार बन चुके हैं। अगर कोई संदिग्ध पार्सल दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। रायपुर में पकड़ा गया ये मामला सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि एक बड़े और खतरनाक नेटवर्क की झलक है, जिसकी जड़ें शायद शहर से कहीं ज्यादा गहरी हैं। (Raipur Cocaine Smuggling)



