Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में 1.88 करोड़ के गहनों की ठगी, नगर निगम कर्मचारी बनकर ज्वेलर्स को लगाया चूना

गलत हस्ताक्षर वाले चेक देकर सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेने का आरोप, दूसरी महिला की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार में ज्वेलरी कारोबारी से करीब 1.88 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कर्मचारी बताकर ज्वेलर्स का भरोसा जीता और चेक के जरिए भुगतान का झांसा देकर लाखों रुपये के आभूषण हासिल कर लिए। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी आरोपी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार स्थित विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान में 24 अगस्त को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ पहुंची थी। दोनों ने खुद को नगर निगम में कार्यरत बताया और कारोबारी का विश्वास हासिल किया। इसके बाद करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए गए। इस दौरान 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक सौंपा गया।

दो दिन बाद फिर पहुंचीं, 1.73 करोड़ के गहने ले गईं

पुलिस की जांच के अनुसार, दोनों महिलाएं 26 अगस्त को दोबारा दुकान पहुंचीं। इस बार उन्होंने करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लिए। इसके बदले 1 करोड़ 73 लाख 37 हजार 630 रुपये का चेक दिया गया। साथ ही दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।

इस तरह दोनों सौदों में कुल 1 करोड़ 88 लाख 37 हजार 630 रुपये के आभूषणों को लेकर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया।

गलत हस्ताक्षर के कारण बाउंस हुआ चेक

दुकानदार ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन हस्ताक्षर में गड़बड़ी के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क कर भुगतान मांगा। आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही। न तो रकम का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में दोनों महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

28 वर्षीय किरण साहू गिरफ्तार, दूसरी आरोपी फरार

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने किरण साहू (28), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस कथित तौर पर ठगी से हासिल किए गए आभूषणों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दूसरी आरोपी महिला की तलाश जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!