Raipur News: खौली से गुखेरा तक गूंजा बाबा घासीदास का संदेश, वतन चन्द्राकर ने दिया सामाजिक समरसता और समानता का मंत्र
Raipur News / आरंग। महान संत, समाज सुधारक गुरु घासीदास बाबा की जयंती के अवसर पर 18 दिसंबर को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने खौली, नरसिंगपुर, छाटापार, भोथली एवं गुखेरा ग्रामों में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर बना आधुनिक स्वास्थ्य मॉडल
कार्यक्रमों की शुरुआत बाबा घासीदास जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन के साथ की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वतन चन्द्राकर ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी सामाजिक एकता और समरसता की सबसे बड़ी शक्ति है।

वतन चन्द्राकर ने कहा कि जातिवाद, भेदभाव और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और परिश्रम के मार्ग पर चलना ही बाबा जी के विचारों का सच्चा सम्मान है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वावलंबन समाज की प्रगति की आधारशिला हैं। बाबा घासीदास द्वारा कल्पित आदर्श समाज तभी साकार होगा, जब हर व्यक्ति सत्यनिष्ठा, परिश्रम और आपसी भाईचारे को अपने जीवन में उतारे। (Raipur News)

कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। अंत में वतन चन्द्राकर ने सभी आयोजकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए गुरु घासीदास बाबा के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। (Raipur News)



