Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर स्कूल में बच्ची को अगरबत्ती से जलाने का आरोप, टीचर बर्खास्त

रायपुर। राजधानी के सुंदर नगर स्थित कृष्णा किड्स एकेडमी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल की शिक्षिका दीपा ने कक्षा KG-2 की 6 वर्षीय बच्ची को अगरबत्ती से जलाया। शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षिका की सेवा समाप्त कर दी।

यह भी पढ़े :- रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस में घमासान, संदीप बनाम आकाश में फंसा मामला

परिजनों का आरोप

बच्ची के पिता ने बताया कि यह घटना 17–18 सितंबर को हुई, जिसके बाद से बच्ची डरी-सहमी है और स्कूल जाने से घबरा रही है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एक अन्य अभिभावक ने भी आरोप लगाया कि उनकी बच्ची को उसी शिक्षिका ने थप्पड़ मारा था, जिससे कई दिनों तक दांतों में दर्द रहा।

बाल विकास विभाग की जांच

शिकायत मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम स्कूल पहुंची। अधिकारियों ने बच्ची से बातचीत की, जिसमें उसने टीचर द्वारा चेहरे पर अगरबत्ती से जलाने की बात कही। एक अन्य बच्ची ने भी पिटाई की शिकायत की। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की उम्र कम होने से पूरी जानकारी लेना मुश्किल हो रहा है, लेकिन बयान दर्ज कराए जाएंगे।

स्कूल प्रबंधन का पक्ष

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि यह मामला जांच के अधीन है। उनका कहना है कि स्कूल में हर जगह CCTV कैमरे लगे हैं और फुटेज विभागीय टीम को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रबंधन का दावा है कि बच्चों के परिजनों के दबाव में टीचर को हटाया गया, जबकि कैमरे में मारपीट जैसी कोई घटना दर्ज नहीं हुई है।

आगे की कार्रवाई

बाल विकास विभाग ने आश्वस्त किया है कि CCTV फुटेज और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के समक्ष बयान के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!