Rajnandgaon News: खाकी पर फिर लगा दाग, नशे में धुत आरक्षक ने साथी हवलदार की बेल्ट से की पिटाई, SP ने तत्काल किया सस्पेंड

Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से पुलिस महकमे की छवि को धूमिल करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। लालबाग थाने में पदस्थ आरक्षक महेंद्र साहू ने नशे की हालत में अपने ही सहकर्मी हवलदार प्रभात तिवारी पर बेरहमी से हमला कर दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद जिले में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरक्षक महेंद्र साहू (जो उस समय सिविल ड्रेस में था) ने वर्दी में मौजूद अपने साथी प्रभात तिवारी से पहले बहस और धक्का-मुक्की की, फिर उसकी बेल्ट से पिटाई कर दी। घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन नशे में चूर महेंद्र साहू और ज्यादा आक्रामक हो गया।
जब हालात बेकाबू हो गए, तो आरोपी आरक्षक को जिला मेडिकल अस्पताल पेंड्री ले जाया गया। लेकिन वहां भी उसने अपना बर्ताव नहीं सुधारा। अस्पताल के CCTV फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि वह अपने साथी पुलिसकर्मी पर बेल्ट से हमला कर रहा है। यह दृश्य खाकी की मर्यादा को तार-तार करने वाला था। (Rajnandgaon News)
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने तत्काल प्रभाव से महेंद्र साहू को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए सीएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी आरक्षक ने ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन कैसे किया और जिम्मेदार कौन है। (Rajnandgaon News)
यह घटना न सिर्फ पुलिस विभाग की आंतरिक अनुशासन प्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि नशे जैसी समस्या वर्दीधारियों के भीतर भी गहराई से पैठ बना चुकी है। जिस वर्दी को सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक माना जाता है, उस पर ऐसे घटनाएं कलंक बनकर सामने आ रही हैं। (Rajnandgaon News)
🔗 यह भी पढ़ें:- Road Accident in Chhattisgarh : रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर भीषण हादसा, तीन मृत, घायलों का इलाज जारी



