Google Analytics —— Meta Pixel

चार साल का बहिष्कार खत्म, पुलिस की पहल से दंपति को मिला समाज का साथ

Rajnandgaon Police initiative: राजनांदगांव में अंतरजातीय विवाह के बाद चार सालों से सामाजिक बहिष्कार झेल रहे एक दंपति को आखिरकार पुलिस की संवेदनशील पहल के चलते समाज और परिवार की स्वीकृति मिल गई। मामला राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहारा वार्ड क्रमांक-47 का है, जहां 2021 में अपनी इच्छा से शादी करने वाले युवक-युवती को समाज के विरोध का सामना करना पड़ रहा था। जानकारी के मुताबिक मोहारा की रहने वाली युवती ने 11 अक्टूबर 2021 को अन्य जाति के युवक से लव मैरिज की थी।

यह भी पढ़ें:- सगाई के बाद मंगेतर से फोन पर बात करने पर पाबंदी, जूता-छुपाई रस्म भी बंद, इस समाज ने बनाए सख्त नियम

शादी के बाद वह अपने पति और संयुक्त परिवार के साथ रहने लगी थी, लेकिन कुम्हार समाज के कुछ लोगों ने दंपति और ससुराल पक्ष का सामाजिक कार्यक्रमों समेत अन्य गतिविधियों से बहिष्कार कर दिया। करीब चार सालों से सामाजिक उपेक्षा और अपमान का सामना कर रहे दंपति ने सामान्य जीवन जीने और समाज में फिर सम्मानपूर्वक शामिल होने की इच्छा जताई। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP अंकिता शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और आवश्यक निर्देश जारी किए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में दोनों पक्षों की बैठक थाना परिसर में आयोजित की गई। बैठक में आवेदिका पक्ष, कुम्हार समाज के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर चर्चा की गई। पुलिस ने सामाजिक बहिष्कार के दुष्परिणामों, संविधान प्रदत्त अधिकारों और विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही स्पष्ट किया कि बालिग युवक-युवती को अपनी पसंद से विवाह करने का पूरा अधिकार है। किसी भी प्रकार का सामाजिक उत्पीड़न कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है। पुलिस की संवाद और मध्यस्थता के बाद दोनों परिवारों और समाज के प्रतिनिधियों ने सकारात्मक रुख अपनाया।

राजनांदगांव पुलिस की हो रही सराहना

आखिर में सहमति बनी कि भविष्य में दंपति और उनके परिवार को समाज की मुख्यधारा में पूरे सम्मान के साथ शामिल किया जाएगा और सभी सामाजिक-पारिवारिक कार्यक्रमों में परस्पर सहयोग रहेगा। करीब चार सालों से चले आ रहे इस सामाजिक विवाद का समाधान सौहार्दपूर्ण वातावरण में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर किया गया। समाज के प्रतिनिधियों और आवेदिका परिवार ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा समेत पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस पहल से न सिर्फ एक परिवार को राहत मिली, बल्कि यह संदेश भी गया कि सामाजिक समरसता, संवाद और कानून का सम्मान ही समाज की मजबूती की पहचान है। राजनांदगांव पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। (Rajnandgaon Police initiative)

Back to top button
error: Content is protected !!