हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़, पोल्ट्री फॉर्म में बन रहा मां बम्लेश्वरी मंदिर का प्रसाद

Rajnandgaon Prasad Making: आंध्र प्रदेश के तिरुमाला मंदिर के प्रसाद में मिलावट का मुद्दा अभी तक ठंडा नहीं हुआ है। इस बीच छत्तीसगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर के प्रसाद पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, खाद्य विभाग की टीम ने डोंगरगढ़ के राका गांव में स्थित पोल्ट्री फॉर्म में छापा मारा, जहां मां बम्लेश्वरी मंदिर में चढ़ने वाला प्रसाद बनाया जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने पोल्ट्री फॉर्म से बड़ी मात्रा में प्रसाद के पैकेट जब्त किए हैं। जांच के दौरान पता चला कि पोल्ट्री फॉर्म के साथ प्रसाद बनाने की फैक्ट्री भी चल रही थी।
यह भी पढ़ें:- Balodabazar : स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने सीएमएचओ ने किया अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण
फैक्ट्री में ‘श्री भोग प्रसाद’ के नाम से इलायची दाना बनाया जा रहा था, जिसकी सप्लाई मां बम्लेश्वरी मंदिर के दुकानों में होती है। पोल्ट्री फॉर्म के मालिक का नाम मजहर खान है। जांच के दौरान कई अनियमितिताएं मिली है। फैक्ट्री का पंजीयन नहीं है। साथ ही पैकेजिंग में बड़ी गड़बड़ी मिली है, जिसमें मानक, तिथि, बैच नंबर अंकित नहीं है। फिलहाल खाद्य विभाग की टीम ने प्रसाद का सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। बता दें कि प्रसाद के पैकेट में माता बम्लेश्वरी की फोटो भी लगी है। (Rajnandgaon Prasad Making)
भक्तों को गुमराह करने की कोशिश !
खाद्य विभाग के मुताबिक पैकेट में भक्तों को गुमराह करने के लिए लिखा है कि इसे ‘साफ और पवित्र वातावरण में निर्मित’ किया गया है, लेकिन छापेमारी में अवैध फैक्ट्री और पैकेट में लिखे सभी दावों की पोल खुल गई है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डोमेन धुर्वे ने बताया कि इलायची दाना निर्माण से जुड़ी कोई भी अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि अनुमति से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई है। (Rajnandgaon Prasad Making)
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
लोगों ने कहा कि माता बम्लेश्वरी देवी, माता भवानी जैसे प्रतिष्ठित देवी मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है, जहां लगने वाले भोग प्रसाद को इस तरह की जगहों पर बनाना दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि इस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। यह हिंदुओं की आस्था पर प्रहार है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के साथ बातचीत चल रही है। प्रसाद के सैंपल को टेस्ट के लिए भेज दिया गया है। (Rajnandgaon Prasad Making)
इन मंदिरों के प्रसाद की भी होगी जांच
खाद्य विभाग के मुताबिक मां बम्लेश्वरी मंदिर के अलावा राजनांदगांव स्थित मां पाताल भैरवी मंदिर, श्रृंगारपुर स्थित बालाजी मंदिर समेत जिले के प्रमुख मंदिरों के प्रसाद का सैंपल लिया जाएगा। इसके लिए सभी मंदिर ट्रस्ट से बातचीत चल रही है। आने वाले समय में सभी मंदिरों के प्रसाद की जांच की जाएगी। इसके साथ ही बालोद के मंदिरों के प्रसाद की भी जांच की जाएगी। बालोद जिले के बड़े मंदिरों में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही मंदिरों में बनने वाले प्रसादों की जांच की जाएगी। इसे लेकर मंदिर समिति से बात की गई है। बता दें कि नवरात्रि और विशेष पर्व के अलावा बाकी समय मंदिरों में सूखे मेवा जैसे नारियल, इलायची मूंगफली के प्रसाद का वितरित किया जाता है। (Rajnandgaon Prasad Making)



