मुख्यमंत्री साय ने “रक्त-मित्र” पुस्तिका का किया विमोचन, रेडक्रॉस के आजीवन सदस्यों को किया सम्मानित

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है, जो न केवल किसी जरूरतमंद को जीवनदान देता है, बल्कि यह हमारी सेवा भावना और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। वे जशपुर जिले के ग्राम बगिया में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने “रक्त-मित्र” डायरेक्ट्री के विमोचन को एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल बताया, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति सीधे रक्तदाताओं से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से जीवनरक्षक सहायता को सुलभ और समयबद्ध बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर जिले में सभी वर्गों के नागरिक स्वैच्छिक रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं, जो समाज सेवा के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है।
उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा, “जीवनदान देने वाला व्यक्ति वास्तव में ईश्वर के समान होता है। रक्त का समय पर मिलना किसी जीवन की रक्षा कर सकता है, इसलिए रक्तदान को ‘महादान’ कहा गया है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हाल ही में एम्बुलेंस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस पहल की गई है।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए संकल्पित है।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने रेडक्रॉस जशपुर के आजीवन सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए और “रक्त-मित्र” पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने श्री नीरज शर्मा, श्री अजय कुमार कुशवाहा और श्री शिव नारायण सोनी के योगदान की सराहना की।
“रक्त-मित्र” डायरेक्ट्री जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी, जशपुर की एक अभिनव पहल है, जिसमें 480 स्वैच्छिक रक्तदाताओं के नाम और मोबाइल नंबर शामिल हैं। इससे मरीज बिना भटके सीधे रक्तदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।
अगर कोई “रक्त-मित्र” बनना चाहता है, तो डायरेक्ट्री में दिए गए QR कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म भर सकता है या कलेक्टर कार्यालय, कक्ष क्रमांक 122 में संपर्क कर पंजीयन करा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुखजन: सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी शशि मोहन सिंह, डिप्टी कलेक्टरगण, रेडक्रॉस के प्रतिनिधि रूपेश प्राणी ग्राही एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक।



