Google Analytics —— Meta Pixel

राम मंदिर को मिला पहला CEO, रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर लगी मुहर

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिलने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बन गई है। ट्रस्ट की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा प्रेस वार्ता के दौरान किए जाने की बात कही जा रही है।

एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा नियुक्ति की तारीख से तीन वर्ष तक CEO के पद पर रहेंगे। वह इसी वर्ष अप्रैल में भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने करीब 38 वर्षों तक वायुसेना में सेवाएं दी हैं। इस दौरान वह लड़ाकू विमान पायलट, कॉम्बैट इंस्ट्रक्टर और टेस्ट पायलट के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

ऑपरेशन सिंदूर और कारगिल युद्ध में निभाई अहम भूमिका

जितेंद्र मिश्रा के सैन्य करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रही हैं। उन्होंने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध और हालिया ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी अहम भूमिका निभाई। सैन्य सेवाओं में उनके योगदान के लिए उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से ताल्लुक रखने वाले जितेंद्र मिश्रा NDA खड़गवासला के पूर्व छात्र हैं। उनके पास 3,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है।

5,500 से ज्यादा आवेदन, 18 नाम हुए शॉर्टलिस्ट

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए 5,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों से खान-पान, रहन-सहन और हिंदू धर्म से जुड़ी मान्यताओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछे गए।

CEO के चयन के लिए ट्रस्ट की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। इसमें सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल थे।

मंदिर की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था संभालेंगे

राम मंदिर के CEO की प्रमुख जिम्मेदारी मंदिर की प्रशासनिक, वित्तीय और कानूनी व्यवस्थाओं का संचालन करना होगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, कर्मचारी प्रबंधन और श्रद्धालु सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

सैन्य अनुशासन से मंदिर प्रबंधन तक

राम मंदिर निर्माण के एक बड़े चरण के बाद अब मंदिर परिसर के व्यवस्थित संचालन और इसे व्यापक धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बीच व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।

ऐसे में भारतीय वायुसेना में लंबे समय तक काम करने वाले जितेंद्र मिश्रा का अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक प्रबंधन और बड़े स्तर पर संचालन का अनुभव मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!