छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे को लेकर भिड़े 2 पूर्व मुख्यमंत्री, जानिए किसने क्या कहा…?

Raman Vs Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर 2 पूर्व मुख्यमंत्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भिड़ गए हैं। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नक्सलियों की ‘मदद’ करना और ‘वोट’ के लिए उनका इस्तेमाल करना हमेशा से कांग्रेस की नीति रही है। आज जब डबल इंजन की सरकार में नक्सलवाद खात्मे की ओर जा रहा है तब कांग्रेस के पेट में दर्द उठ रहा है। इसका जवाब देते हुए पूर्व CM भूपेश बघेल ने ट्वीट किया।
यह भी पढ़ें:- हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ हमारा जुड़ाव और ज्यादा गहरा हुआ है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
पूर्व CM बघेल ने कहा कि बस याद दिलाना चाहता हूं डॉक्टर साहब कि अब आप मुख्यमंत्री नहीं हैं। न पार्टी के प्रवक्ता हैं। अब आप विधानसभा अध्यक्ष हैं। अन्यथा न लें पर आपका ये हाल आपकी पार्टी भाजपा ने ही किया है। बहरहाल आपका दायित्व है कि अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को संरक्षण दें। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने ट्वीट कर जवाब दिया। डॉ. रमन ने कहा-विधायक जी, (पाटन) जब भी विषय मेरे छत्तीसगढ़ की सुरक्षा या नक्सल का होगा तब अंतिम सांस तक मैं छत्तीसगढ़ महतारी के पक्ष में खड़ा रहूंगा। (Raman Vs Bhupesh Baghel)
छत्तीसगढ़ महतारी का सेवक हूं: रमन सिंह
उन्होंने कहा कि पद चाहे मुख्यमंत्री का हो या विधानसभा अध्यक्ष का लेकिन मैं हमेशा ‘छत्तीसगढ़ महतारी के सेवक’ के रूप में प्रदेश के हित में अपनी आवाज़ उठाता रहूंगा। इस पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने फिर जवाब देते हुए कहा कि माननीय पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर साहब हम सब चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिक की तरह आप भी ‘नक्सलवाद’ के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहें। छत्तीसगढ़ महतारी ने आपको 15 साल सेवा का अवसर दिया, तब अगर सुरक्षा सलाहकार से ‘वेतन लो, मौज करो’ कहने की बजाय नक्सल नीति पर काम किया होता तो आज हम बहुत आगे खड़े होते। (Raman Vs Bhupesh Baghel)
पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी सलाह
पूर्व CM ने कहा कि माफ कीजिएगा पर 76 CRPF जवानों की शहादत और राजनेताओं पर नक्सलियों का सबसे बड़ा हमला आपके ही कार्यकाल के ‘काला अध्याय’ हैं। हम सबका बस इतना कहना है कि अब आप ‘विधानसभा अध्यक्ष’ की कुर्सी पर हैं तो ‘राजनीतिक’ चश्मा उतार दीजिए। सरकार की तारीफ करनी है तो कीजिए। इसके लिए राजनीतिक बयान की बाध्यता नहीं है। अपने पद की गरिमा रखना ही छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा होगी। (Raman Vs Bhupesh Baghel)



