छत्तीसगढ़ में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की होगी परफॉर्मेंस रैंकिंग, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कसा तंज
Ranking of Congress Presidents: छत्तीसगढ़ में संगठन सृजन के तहत नियुक्त किए गए जिला कांग्रेस अध्यक्षों के कामकाज का जल्द मूल्यांकन किया जाएगा। पार्टी जिला अध्यक्षों की छह महीने की परफॉर्मेंस के आधार पर रैंकिंग तय करने की तैयारी में है। इस समीक्षा में सिर्फ संगठनात्मक गतिविधियों को ही आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर जिला अध्यक्षों की सक्रियता, पार्टी कार्यक्रमों में भागीदारी और संगठन को मजबूत करने की दिशा में किए गए कामों को भी परखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला अध्यक्षों के अब तक के कामकाज का अवलोकन किया जाएगा। समीक्षा के दौरान यह देखा जाएगा कि जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को कितना सक्रिय किया, कांग्रेस के कार्यक्रमों को किस तरह जमीन तक पहुंचाया और स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को कितनी मजबूती से उठाया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कल भी जमकर बरसेंगे बादल, कल उत्तर हिस्से में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, 14 अगस्त तक के लिए चेतावनी जारी
अलग-अलग संगठनात्मक कमेटियों के साथ जिला अध्यक्षों के तालमेल और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ उनके समन्वय को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया जाएगा। पार्टी यह भी देखेगी कि जिला अध्यक्षों की सक्रियता केवल पार्टी की बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित रही या उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं और राजनीतिक मुद्दों को लेकर भी प्रभावी भूमिका निभाई। इस समीक्षा के लिए दिल्ली से संगठन सृजन प्रभारी और नेशनल को-ऑर्डिनेटर जिला स्तर पर जिला अध्यक्षों के कामकाज का आकलन करेंगे। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी मूल्यांकन की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है। संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के मुताबिक करीब डेढ़ महीने पहले जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था और अब आगे उनके कामकाज का मूल्यांकन किया जाएगा। (Ranking of Congress Presidents)

इधर, जिला कांग्रेस अध्यक्षों की रैंकिंग को लेकर इस पर सियासी तंज भी शुरू हो गया है। वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की इस कवायद पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर रैंकिंग कौन देगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के पास इसके लिए समय नहीं है, क्योंकि वे गाड़ियों की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोलने में व्यस्त हैं। अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास कोई काम नहीं है और अपने लोगों को व्यस्त रखने के लिए इस तरह की उठक-बैठक कराई जाती रहती है। चंद्राकर के इस बयान पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि संगठन सृजन के तहत जिला अध्यक्षों के कार्यों का अवलोकन किया जाएगा और आगे उनका मूल्यांकन होगा। उन्होंने अजय चंद्राकर पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में दूध में मक्खी की तरह निकाले गए अजय चंद्राकर उल-जुलूल बातें करते हैं। (Ranking of Congress Presidents)

संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने E20 पेट्रोल के मुद्दे को भी आम जनता से जुड़ी समस्या बताते हुए अजय चंद्राकर पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल का मुद्दा जनता की समस्या है, लेकिन अजय चंद्राकर को यह मुद्दा इसलिए खराब लग रहा है, क्योंकि उनकी आंखों पर चाटुकारिता की पट्टी बंधी हुई है। कांग्रेस संचार प्रमुख ने भाजपा के कैडर बेस पार्टी होने के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के कारण भाजपा को लंबे समय तक कैडर बेस पार्टी कहा जाता रहा, लेकिन अब भाजपा में कैडर ही नहीं बचा है।इस तरह जिला कांग्रेस अध्यक्षों की प्रस्तावित परफॉर्मेंस रैंकिंग ने संगठनात्मक समीक्षा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सियासत में भी नया मुद्दा खड़ा कर दिया है। एक तरफ कांग्रेस इसे संगठन को मजबूत करने और जिला स्तर पर जवाबदेही तय करने की कवायद बता रही है तो दूसरी तरफ भाजपा इसे कांग्रेस की अंदरूनी गतिविधियों और कार्यकर्ताओं को व्यस्त रखने की कवायद करार दे रही है। आने वाले दिनों में जिला अध्यक्षों के मूल्यांकन और उनकी रैंकिंग को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।



