छत्तीसगढ़ में राशनकार्ड नवीनीकरण की फिर बढ़ी तारीख, अब 28 फरवरी 2025 तक मिला समय

Ration Card Renewal Date: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का काम 25 जनवरी 2024 से लगातार जारी है, जिसके तहत राशन कार्डों के नवीनीकरण के लिए 31 अक्टूबर 2024 तक का समय दिया गया था। प्रभारी खाद्य नियंत्रक टी.एस. अत्री के अनुसार राज्य शासन की ओर से विचार करने के बाद राशनकार्ड नवीनीकरण की समय सीमा को 1 दिसंबर 2024 से 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दी गई है। प्रदेश के समस्त श्रेणी के राशनकार्ड अन्त्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और एपीएल योजना के राशनकार्डधारियों का e-KYC और राशनकार्डों के नवीनीकरण 28 फरवरी 2025 तक अनिवार्य रूप से कराने के लिए कहा गया है।
यह भी पढ़ें:- खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कई धान खरीदी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
खाद्य विभाग के अनुसार राशनकार्ड नवीनीकरण करने के लिए e-KYC कराना अनिवार्य है। बता दें कि राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग ने खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाइल एप तैयार किया है। इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड करके नवीनीकरण का काम कर सकते हैं। हितग्राही उचित मूल्य दुकान में भी जाकर ऑनलाइन के माध्यम से अपना नवीनीकरण और e-KYC का कार्य करवा सकते हैं। e-KYC के लिए प्रत्येक हितग्राही का बायोमेट्रिक अद्यतन होना चाहिए जिन सदस्यों का बाल आधार बना है उन्हें पहले आधार सेवा केंद्र से अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा इसके बाद उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस मशीन से e-KYC करा सकते हैं। (Ration Card Renewal Date)
नवीनीकरण की सुविधा निशुल्क
राशनकार्ड में e-KYC और नवीनीकरण की सुविधा निशुल्क है। छत्तीसगढ़ में अन्त्योदय श्रेणी के तहत आने वाले 14 लाख 92 हजार 438 कार्डधारक हैं। वहीं प्राथमिकता श्रेणी के तहत आने वाले 52 लाख 46 हजार 656 कार्डधारक हैं। इसके साथ ही एकल निराश्रित श्रेणी के तहत आने वाले 37 हजार 708 कार्डधारक हैं। जबकि निशक्तजन श्रेणी के तहत आने वाले 15 हजार 351 राशन कार्डधारी हैं। नवीनीकरण के लिए बाकी बचे हुए राशनकार्ड धारियों को एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर लिंक डाउनलोड कर या अपने शासकीय उचित मूल्य दुकान पहुंचकर राशनकार्ड का नवीनीकरण कराया जाना है। (Ration Card Renewal Date)



