Google Analytics —— Meta Pixel

पेट्रोल पंप में हेराफेरी, मैनेजर ने उधारी की राशि गलत खाता में कर दी जमा, 40 लाख का घोटाला आया सामने

Rigging at Petrol Pumps: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के केंवची गांव में संचालित एचपी उर्मिला पेट्रोल पंप में करीब 40 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पेंड्रा के रहने वाले प्रमोद सिंह परस्ते ने गौरेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और बताया कि उनका पेट्रोल पंप 5 दिसंबर 2024 से संचालित हो रहा था, जिसके संचालन, दैनिक बिक्री, आय-व्यय और लेखा-जोखा के लिए उन्होंने पेंड्रा के अमरपुर गांव निवासी लालजी पटेल को मैनेजर नियुक्त किया था।

यह भी पढ़ें:- देशभर में हादसों का सिलसिला जारी, दम घुटने, गैस लीकेज और सड़क हादसों में कई लोगों की मौत

शिकायत में बताया गया कि पंप संचालन के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गौरेला ने एचपीसीएल के कम्फर्ट लेटर के आधार पर लगभग 67 लाख रुपए की ईडीएफएस सुविधा उपलब्ध कराई थी। प्रारंभिक समय में पंप का संचालन सामान्य था, लेकिन 2025 के मध्य से बैंक और कंपनी अधिकारियों ने खातों में गड़बड़ी की आशंका जताई। संचालक के पूछताछ करने पर मैनेजर ने बिक्री कम होने और बाजार में उधारी बढ़ने का हवाला देकर स्थिति टाल दी, लेकिन बैंक और पंप स्टॉक का मिलान करने पर खातों में बड़ी राशि का अंतर पाया गया। जांच में पता चला कि लालजी पटेल ग्राहकों से उधारी की राशि पंप के अधिकृत क्यूआर कोड की बजाय अपने और अपनी पत्नी के निजी फोन-पे क्यूआर कोड में जमा करवा रहा था।

गबन की राशि और संपत्ति जब्ती

कुछ ग्राहकों ने भी रसीद और भुगतान की जानकारी देकर इसकी पुष्टि की। बैंक स्टेटमेंट और पंप के रजिस्टर का मिलान करने पर यह सामने आया कि नकद और अधिकृत ऑनलाइन भुगतान ही पंप के खाते में जमा किए गए, जबकि निजी क्यूआर कोड में प्राप्त राशि का कोई लेखा-जोखा नहीं था। संचालक ने दावा किया कि इस तरह लगभग 40 लाख रुपए की राशि का गबन किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद 15 जनवरी को लालजी पटेल को काम से हटा दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रिक कार भी जब्त की है। इसके अलावा गबन की राशि का कुछ हिस्सा हर्बल लाइफ प्रोडक्ट में निवेश करने की बात भी सामने आई है। (Rigging at Petrol Pumps)

लेन-देन की जांच जारी

गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेजों और लेन-देन की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। पुलिस ने सभी बैंक रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामला न सिर्फ गौरेला, बल्कि आसपास के पेट्रोल पंप संचालकों के लिए चेतावनी भी माना जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी से बचा जा सके। (Rigging at Petrol Pumps)

Back to top button
error: Content is protected !!