छत्तीसगढ़ में बेकाबू हुई रफ्तार, अलग-अलग जिले में 7 लोगों की मौत, कई घायल

Road Accidents in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सबसे ज्यादा दर्दनाक घटनाएं कोरबा और बिलासपुर में सामने आई हैं। हादसों के पीछे तेज रफ्तार, झपकी आना, लापरवाही और ओवरलोडिंग जैसे मुख्य कारण सामने आए हैं। पहला मामला कोरबा जिले का है, जहां चांपा-फरसवानी रोड पर बुधवारी निवासी सोनी परिवार चौथिया कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी फरसवनी टोल नाका के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे खड़ी हाइवा ट्रक में जा घुसी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कल जारी होंगे 10वीं-12वीं के नतीजे, 5.66 लाख छात्रों का इंतजार खत्म
हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में मोंगरा सोनी (45), उनका बेटा देवेंद्र सोनी (22) और ढाई साल का मासूम प्रियांश शामिल हैं। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। इसी जिले के कटघोरा क्षेत्र के अमलडीहा में एक और हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं बिलासपुर में लालखदान ओवरब्रिज के पास एक बड़ा हादसा हुआ। सिम्स मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर टिकेंद्र प्रसाद पटेल को ड्राइविंग के दौरान झपकी आ गई, जिससे उनकी कार पहले दूसरी गाड़ी और फिर ऑटो से टकरा गई। (Road Accidents in Chhattisgarh)
ऑटो सवार महिला की मौत
हादसे में ऑटो सवार बीरस बाई डहरिया (50) की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है और FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तखतपुर क्षेत्र में बारातियों से भरी स्कॉर्पियो एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में पलट गई। वाहन 3-4 बार सड़क पर पलटता चला गया। इस हादसे में सुशीला मानिकपुरी की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। जांच में सामने आया है कि वाहन में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। सीपत क्षेत्र में बारात लौटते समय तेज रफ्तार पिकअप मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। इस हादसे में राम झूल सिंह (40) की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कार ने बाइक को मारी टक्कर
मस्तूरी थाना क्षेत्र में 24 साल के गौतम यादव की मौत हो गई। वह बाइक से अपनी बहन को छोड़ने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोरिया जिले में NH-43 पर एक स्विफ्ट कार पुलिया से टकराकर नहर में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी की जान नहीं गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। (Road Accidents in Chhattisgarh)



