Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में गेमिंग की लत ने बी.फार्मेसी के छात्र को बनाया कर्जदार, खुद रची गुमशुदगी की कहानी, ऐसे खुला राज

Bilaspur Student Missing Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ पुलिस बल्कि परिजनों को भी कई दिनों तक परेशानी में डाल दिया। एक छात्र का अचानक लापता होना, फिर उसकी तलाश में भागदौड़ और अंत में सामने आई सच्चाई। पूरी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं, लेकिन इसके पीछे छिपा सच बेहद गंभीर है। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहने वाला बी.फार्मेसी चौथे सेमेस्टर का छात्र रोहित कुमार 7 मार्च को अचानक लापता हो गया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बेकाबू हुई रफ्तार, अलग-अलग जिले में 7 लोगों की मौत, कई घायल

हॉस्टल से उसके गायब होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने भी तुरंत मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया। हर गुजरते दिन के साथ चिंता बढ़ती जा रही थी कि आखिर छात्र कहां गया ? जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इन सुरागों ने पुलिस को सीधे नागपुर तक पहुंचा दिया। विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वहां छापा मारा और छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया। जब रोहित से पूछताछ हुई तो जो कहानी सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। यह कोई अपहरण या दुर्घटना नहीं थी, बल्कि खुद छात्र की रची गई साजिश थी। (Bilaspur Student Missing Case)

ऑनलाइन गेमिंग की लत

रोहित ने कबूल किया कि वह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग की लत में फंसा हुआ था। शुरुआत में यह सिर्फ मनोरंजन था, लेकिन धीरे-धीरे यह लत बन गई। गेमिंग के चक्कर में वह लाखों रुपए के कर्ज में डूब गया। कर्जदाताओं का दबाव और परिवार के सामने सच उजागर होने का डर ने मिलकर उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया। भारी तनाव में आकर उसने अपने ही गायब होने का नाटक किया। उसने बिना किसी को बताए हॉस्टल छोड़ा और शहर से भागकर नागपुर पहुंच गया, ताकि कुछ समय के लिए सबकी नजरों से दूर रह सके। पुलिस ने छात्र को सुरक्षित वापस लाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही उसकी काउंसलिंग भी कराई गई, ताकि वह मानसिक तनाव से बाहर निकल सके। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

एक चेतावनी, जो नजरअंदाज नहीं की जा सकती

यह घटना सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि आज के युवाओं के सामने खड़े एक बड़े खतरे की तस्वीर है। ऑनलाइन गेमिंग दिखने में मनोरंजन है, जो कई बार आर्थिक और मानसिक संकट का कारण बन सकती है। प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि गेमिंग की लत पर नजर रखें। अचानक व्यवहार में बदलाव को गंभीरता से लें। आर्थिक गतिविधियों पर निगरानी रखें। इस पूरे घटना में ड्रामा जरूर है, लेकिन इसके पीछे छिपा संदेश बेहद गंभीर है। लत और कर्ज का दबाव इंसान को ऐसे फैसले लेने पर मजबूर कर सकता है, जो खुद और परिवार दोनों के लिए खतरनाक साबित होते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!