Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी पर विवाद, सोशल मीडिया प्रचार के बाद आयोजन रद्द

Stranger Meetup Party in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर लगातार विरोध के बाद यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पंजाब की एक इवेंट कंपनी ने न्यू राजेंद्र नगर स्थित नुक्कड़ कैफे में 26 अप्रैल को इस आयोजन की बुकिंग कराई थी, लेकिन जैसे ही कैफे संचालक को कार्यक्रम की वास्तविक प्रकृति की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत बुकिंग रद्द कर दी। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इस इवेंट का प्रचार जारी रहा। वायरल पोस्टर और वीडियो में युवतियों के डांस, म्यूजिक और अनजान लोगों से मिलने-जुलने जैसे दृश्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में गेमिंग की लत ने बी.फार्मेसी के छात्र को बनाया कर्जदार, खुद रची गुमशुदगी की कहानी, ऐसे खुला राज

पोस्टरों में लास्ट स्लॉट फ्री और वुमन्स की बुकिंग हाउसफुल जैसे संदेश भी दिखाई दिए, जिससे विवाद और बढ़ गया। इस आयोजन के खिलाफ बजरंग दल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। साथ ही इसे सामाजिक रूप से आपत्तिजनक बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं चेतावनी भी दी है कि अगर प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। बजरंग दल के अध्यक्ष रवि वाधवानी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों की आड़ में लव जिहाद जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि उन्हें इस कार्यक्रम की जानकारी सिर्फ सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद तत्काल संज्ञान लिया गया। जांच में संभावित स्थल से पूछताछ की गई, जहां से आयोजकों ने ऐसे किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से साफ इनकार किया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल के मुताबिक फिलहाल यह स्पष्ट हो गया है कि रायपुर में इस तरह की कोई पार्टी आयोजित नहीं हो रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी संदिग्ध या शांति भंग करने वाली गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्या होता है स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी ?

स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी ऐसे इवेंट होते हैं, जहां एक-दूसरे को न जानने वाले लोग शामिल होते हैं। इसका उद्देश्य नए लोगों से मिलना, दोस्ती करना और नेटवर्किंग करना बताया जाता है। इन आयोजनों में आमतौर पर स्पीड डेटिंग या स्पीड मीटिंग, आइस-ब्रेकिंग गेम्स, डांस और म्यूजिक, थीम आधारित सोशल एक्टिविटी शामिल होते हैं। एंट्री सिंगल्स, कपल्स या ग्रुप्स के लिए होती है और कई बार अलग-अलग फीस भी निर्धारित की जाती है। (Stranger Meetup Party in Raipur)

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि इससे पहले 17 सितंबर 2025 को रायपुर में एक न्यूड पार्टी आयोजन की कोशिश पर भी कार्रवाई की गई थी। उस मामले में फार्म हाउस बुक किया गया था और एंट्री फीस 40 हजार से 1 लाख रुपए तक रखी गई थी। पुलिस ने उस समय भी ऐसे आयोजनों पर रोक लगाई थी। फिलहाल स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी का आयोजन रद्द कर दिया गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल प्रचार और राजनीतिक-सामाजिक विरोध के चलते मामला सुर्खियों में बना हुआ है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी संदिग्ध या नियमविरुद्ध आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!