भारत को चुनौतियों से निपटने के लिए अपना रास्ता खुद तय करना होगा: RSS प्रमुख मोहन भागवत
RSS Chief Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने दिल्ली में आयोजित एक बुक लॉन्च कार्यक्रम में अमेरिका की ओर से भारत पर बढ़ाए गए टैरिफ और H-1B वीजा फीस को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत को इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने चाहिए, लेकिन आंख मूंदकर किसी भी दिशा में आगे नहीं बढ़ा जा सकता। भागवत ने कहा कि आज भारत और दूसरे देशों के सामने जो चुनौतियां हैं, वे पिछले 2 हजार सालों से चली आ रही खंडित दृष्टि का नतीजा हैं, जिसमें विकास और सुख को अधूरा और असंतुलित तरीके से देखा गया। इसलिए, हमें अपनी राह स्वयं तय करनी होगी।
यह भी पढ़ें:- नवरात्रि में श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा, डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी 10 एक्सप्रेस और मेमू स्पेशल ट्रेनें
उन्होंने कहा कि हम इन हालात से निकलने का रास्ता ढूंढ लेंगे, लेकिन भविष्य में कभी न कभी हमें फिर ऐसे ही हालात का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि इस खंडित दृष्टि में हमेशा मैं और बाकी दुनिया या हम और वे की सोच रहती है। RSS प्रमुख ने जोर देते हुए कहा कि भारत को भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचने के लिए विकास और प्रगति का सनातन दृष्टिकोण अपनाते हुए अपने रास्ते खुद बनाने होंगे। भागवत ने कहा कि भारत की जीवनदृष्टि चार पुरुषार्थों-अर्थ, काम, मोक्ष और धर्म पर आधारित है, जो यह सुनिश्चित करती है कि किसी को पीछे न छोड़ा जाए। (RSS Chief Mohan Bhagwat)
हमने युद्ध नहीं होने दिया: भागवत
भागवत ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि तीन साल पहले अमेरिका के एक प्रमुख व्यक्ति से उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने सुरक्षा, आतंकवाद-निरोध और अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न क्षेत्रों में भारत-अमेरिका साझेदारी और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की, लेकिन हर बार उन्होंने यही दोहराया कि यह सिर्फ अमेरिकी हितों की रक्षा के बशर्ते संभव है। उन्होंने कहा कि हर किसी के अलग-अलग हित हैं। इसलिए टकराव चलता रहेगा, जो ऊपर है, वही नीचे वालों को खा जाएगा। फूड चेन में सबसे ऊपर रहना सबको प्रभावित करता है और सबसे नीचे रहना अपराध है। सिर्फ राष्ट्र हित ही मायने नहीं रखता। अगर हमें हर टकराव में लड़ना होता तो हम 1947 से आज तक लगातार लड़ते रहते। हमने युद्ध नहीं होने दिया। हमने उन लोगों की भी मदद की है, जिन्होंने कभी-कभी हमारी नीतियों का विरोध किया, लेकिन हमने यह सब सहा। (RSS Chief Mohan Bhagwat)
देश का दृष्टिकोण पारंपरिक और सनातन है: भागवत
भागवत ने पर्यावरणीय मुद्दों पर भी भारत की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा किया है, जबकि अन्य देशों की प्रामाणिकता संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि अगर भारत विश्वगुरु और विश्वामित्र बनना चाहता है तो उसे अपने दृष्टिकोण के आधार पर अपना रास्ता खुद बनाना होगा। RSS प्रमुख ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि देश का दृष्टिकोण पारंपरिक और सनातन है, जो पूर्वजों के हजारों सालों के अनुभवों पर आधारित है। हमें अपने दृष्टिकोण से सोचना होगा और अपने भविष्य को उसी आधार पर आकार देना होगा। (RSS Chief Mohan Bhagwat)



