RSS Mowa Raipur: राजधानी रायपुर के मोवा में स्वयं सेवकों ने सादगी से मनाया गुरु पूर्णिमा पर्व, त्याग व समर्पण का प्रतीक है भगवा ध्वज

RSS Mowa Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की मोवा इकाई ने आदर्श नगर, लक्ष्मी नगर, प्रगति नगर और एलआईसी कॉलोनी के संयुक्त तत्वाधान में गुरु पूर्णिमा पर्व सादगी के साथ मनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर और संघ की प्रार्थना गीत गाकर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा भगवा ध्वज को गुरु मानकर उनकी पूजन करने की परंपरा का भी पालन किया गया।
यह भी पढ़े : आयुष्मान कार्ड का गलत उपयोग करने वाले 48 अस्पतालों पर एक्शन, 11 पर लगाया गया जुर्माना
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पीयूष पाणी द्विवेदी एवं रमेश कुमार सेंगर, गणेश प्रसाद वर्मा सह कार्यवाह मोवा के आतिथ्य में कार्यक्रम संपन्न हुआ.
मुख्य वक्ता व अतिथियों ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। द्विवेदी ने कहा, “गुरु हमें अच्छे और बुरे में फर्क समझाते हैं। हमारे शरीर के गुण दोष को पहचान कर उसकी विकृति को दूर करने में गुरु की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।”
उन्होंने आगे कहा, संघ के संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगवार जी ने समग्र हिन्दू समाज को एकत्रित करने के लिए 1925 में संघ की स्थापना की थी। संघ तत्व पूजा करता है, व्यक्ति पूजा नहीं। व्यक्ति शाश्वत नहीं, समाज शाश्वत है। अपने राष्ट्रीय समाज को, सम्पूर्ण समाज को, सम्पूर्ण हिन्दू समाज को राष्ट्रीयता के आधार पर मातृभूमि के आधार पर संगठित करने का कार्य राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कर रहा है। इस नाते किसी व्यक्ति को गुरु स्थान पर न रखते हुए भगवा ध्वज को हमने अपना गुरु माना है। भगवा ध्वज त्याग और समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत पर जब-जब भी कोई आपदा आई हो, चाहे वो प्राकृतिक आपदा हो, आतंकी घटना हो या कोई बड़ी दुर्घटना हो तब-तब संघ हमेशा राष्ट्र के साथ खड़ा रहा और राष्ट्र निर्माण में स्वयं सेवक अग्रणी रहे।
इस आयोजन में श्रीमती विश्वदिनी पाण्डेय पार्षद वार्ड नं.10, जय प्रकाश चंद्रवंशी वरिष्ठ अधिवक्ता, मोहन लाल साहू शाखा कार्यवाह, मुकेश साहू बस्ती प्रमुख, लीलाधर साहू सेवा प्रमुख, ओमप्रकाश साहू अध्यक्ष भाजपा मंडल भनपुरी, प्रमोद शुक्ला, शम्भू पठारी, गिरीश अवधिया, हरिओम साहू, सतीश पटेल, मनहरण यादव, रामकुमार साहू, रामकृष्ण बाजपेयी, गोरेलाल साहू, इन्द्र कुमार साहू सहित स्वयं सेवक, स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। (RSS Mowa Raipur)




