आयुष्मान कार्ड का गलत उपयोग करने वाले 48 अस्पतालों पर एक्शन, 11 पर लगाया गया जुर्माना
Action on Chhattisgarh Hospitals: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आम जन के लिए एक बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत समस्त पात्र हितग्राहियों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदाय की जा रही है। अपने आर्थिक लाभ की दृष्टि से कई अस्पताल नियमों की अवहेलना कर मरीजों के अधिकार (आयुष्मान कार्ड) का दुरूपयोग करते हुए शासन को गुमराह कर रहे हैं । इसी कारण शासन की महत्वाकांक्षी योजना के सुचारू रूप से क्रियान्यवन के लिए छत्तीसगढ़ शासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- टाइफाइड, डायरिया, डेंगू और मलेरिया के बढ़े मामले, सावधानी बरतना जरूरी
छत्तीसगढ़ में 2024 में अब तक कुल 48 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन 48 अस्पतालों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों पर जांच के बाद, 11 अस्पतालों के खिलाफ जुर्माना लगाया जा चुका है। वहीं एक अस्पताल का पंजीयन निरस्त (De-empanelment) किया गया है। इन अस्पतालों के खिलाफ आयुष्मान कार्ड से इलाज करने के बाद भी हितग्राहियों से अतिरिक्त नगद राशि लेने, आर्थिक लाभ के लिए नियम खिलाफ अनावश्यक रूप से मरीजों को योजना अंतर्गत भर्ती किए जाने और अवैधानिक तौर पर योजना के तहत गर्भाशय के ऑपरेशन करने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। (Action on Chhattisgarh Hospitals)
इन अस्पतालों के खिलाफ की गई कार्रवाई
नियम विरूद्ध कार्य करने पर राजनंदगांव के जय तुलसी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल पर 15 हजार रुपए का अर्थदंड, रायपुर के श्री आरोग्यम हॉस्पिटल पर 11 लाख 41 हजार रुपए का अर्थदंड और अंकुर हॉस्पिटल पर 1 लाख 40 हजार का अर्थदंड, गरियाबंद के मां यशोदा हॉस्पिटल पर 6 लाख 60 हजार रुपए, महासमुंद के श्री राम हॉस्पिटल झलप पर 11 लाख 41 हजार रुपए, रायपुर के अशोका हॉस्पिटल पर 31 लाख 60 हजार रुपए , बिलासपुर के ओमकार हॉस्पिटल पर 1 लाख 82 हजार रुपए, रायपुर के साईं समर्थ हॉस्पिटल पर 4 लाख 25 हजार रुपए और रायपुर के CIMT हॉस्पिटल पर 11 लाख 8 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। (Action on Chhattisgarh Hospitals)
33 अस्पतालों को दिया गया था नोटिस
इसी तरह न्यायधानी बिलासपुर के केयर एंड क्योर हॉस्पिटल पर 12 लाख 74 हजार 900 रुपए का अर्थदंड और दुर्ग के स्पर्श मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल पर 24 लाख 44 हजार 700 का अर्थदंड लगाया गया है। 48 अस्पतालों में से बाकी 33 अस्पताल जिनको कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था उनके द्वारा प्राप्त स्पष्टीकरण पर कार्रवाई प्रक्रियाधीन है । प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि आयुष्मान योजना को लेकर लगातार शिकायत मिल रही है, जिसके आधार पर कार्रवाई जारी है। (Action on Chhattisgarh Hospitals)



