सामाजिक बहिष्कार से परेशान शख्स ने राज्यपाल से की इच्छा मृत्यु की मांग, भूख हड़ताल की दी चेतावनी

Sarangarh Social Boycott Case: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सिंधीचुआ ग्राम पंचायत से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां करन पटेल नाम के शख्स ने सामाजिक बहिष्कार से तंग आकर राज्यपाल से इच्छा मृत्यु की मांग की है। करन पटेल पिछले तीन सालों से शारीरिक अपंगता के साथ संघर्ष कर रहे हैं और वर्तमान में गंभीर हालत में बिस्तर पर हैं। करन पटेल ने बताया कि एक सड़क दुर्घटना के बाद उनकी शारीरिक हालत बिगड़ी है और उन्हें सामाजिक और प्रशासनिक समर्थन की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदार और समाज के कुछ लोग उनके वर्तमान हालात का फायदा उठाकर उन्हें सामाजिक पैसों के झूठे आरोप में समाज से बहिष्कृत कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी रेल यात्रियों की समस्या, बिलासपुर से होकर गुजरने वाली 6 ट्रेनें रद्द
उनका दावा है कि यह मामला असल में पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा है, लेकिन समाज में इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। करन पटेल ने यह भी कहा कि उनके पास एक सामाजिक पत्र मौजूद है, जिसमें स्पष्ट रूप से उनके बहिष्कृत होने का जिक्र है। इसके बावजूद उनका कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया में उन्हें न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि भटगांव थाना प्रभारी की ओर से राज्यपाल के आदेश के बावजूद निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही। दूसरी ओर भटगांव थाना प्रभारी राजेश चंद्रवंशी ने मामले में कहा है कि संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की जांच की गई है और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। (Sarangarh Social Boycott Case)
कई सवाल खड़े कर रहा मामला
फिलहाल सामाजिक पत्र में यह उल्लेख होना कि सामाजिक प्रतिबंध लगाए जाने पर थाना और तहसील में केस कर दिया गया है यह कई सवाल खड़े कर रहा है। करन पटेल का कहना है कि उनके पास इस पत्र के अलावा और भी साक्ष्य मौजूद हैं, जिनके आधार पर वे न्याय संगत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वे अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। मामले ने प्रशासन और स्थानीय समाज में हलचल मचा दी है और न्यायिक कार्रवाई की अपेक्षा में करन पटेल की भूख हड़ताल की योजना ने इसे और गंभीर बना दिया है। (Sarangarh Social Boycott Case)



