धान खरीदी शासन की प्राथमिकता, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: कलेक्टर

Sarguja Collector Meeting: सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में धान खरीदी की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर भोसकर ने कहा कि धान खरीदी का कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही ना हो, इसका कड़ाई से ध्यान रखा जाए। धान खरीदी कार्य में संलग्न सभी अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी से अपने दायित्वों को निभाएं, जिससे किसानों को किसी तरह की समस्या का सामना ना करना पड़े। 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी, जो 31 जनवरी 2025 तक की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- महासमुंद के बागबाहराकला की सरपंच पर 6 सालों के लिए चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध, पद से भी हटाया
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी अवधि, शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता, समर्थन मूल्य, बायोमेट्रिक धान खरीदी, खाद्य विभाग के टोल फ्री नंबर, टोकन की जानकारी समेत समस्त जानकारी का दीवार लेखन सुनिश्चित करें। साथ ही धान खरीदी केंद्रों में स्थल की सफाई, कांटा बाट या इलेक्ट्रॉनिक कांटा, कैप कवर, बरदाने की व्यवस्था, हमालों की व्यवस्था, डनेज व्यवस्था, छाया, पेयजल जैसी समस्त व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। किसानों को धान विक्रय में किसी तरह की परेशानी ना हो, उनके साथ संवेदनशील रवैया रखें, लेकिन कोचियों और बिचौलियों पर अपनी पैनी नजर रखें। उड़नदस्ता दल लगातार निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि जीरो शॉर्टेज हमारा लक्ष्य है। आगामी ढाई महीने इसी दिशा में कार्य किया जाना है। धान खरीदी के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। (Sarguja Collector Meeting)

7 नवंबर से होगा ट्रायल रन
खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव ने बैठक में बताया कि 14 नवंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक धान खरीदी की जाएगी। इससे पहले 7 नवंबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक उपार्जन केंद्र में कंप्यूटरीकरण का ट्रायल रन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस साल बायोमेट्रिक धान खरीदी के लिए सीमांत और लघु कृषक को अधिकतम 02 टोकन समेत दीर्घ कृषकों को अधिकतम 03 टोकन प्रदाय किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बीते धान खरीदी साल में 317987 टन धान खरीदी की गई। इस साल धान उपार्जन का लक्ष्य 351073 टन रखा गया है। उन्होंने बताया कि शासकीय अवकाश दिवसों को छोड़कर समितियों में सोमवार से शुक्रवार तक धान खरीदी की जाएगी। बैठक में DMO अरुण विश्वकर्मा, DM नान जेपी तिर्की, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक से प्रकाश गुप्ता समेत समस्त खाद्य निरीक्षक, समिति प्रबंधक और उपार्जन केंद्रों के कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे। (Sarguja Collector Meeting)



