SBI के चीफ मैनेजर गिरफ्तार, इंटरनल सस्पेंस अकाउंट से 2.78 करोड़ की अवैध निकासी का उजागर

SBI Chief Manager Arrested: भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI में करोड़ों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। ACB/EOW ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चीफ मैनेजर विजय कुमार आहके को रायपुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई SBI के क्षेत्रीय कार्यालय की दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। आरोप है कि अधिकारी ने बैंक के इंटरनल सस्पेंस अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए करीब 2 करोड़ 78 लाख 25 हजार 491 रुपए की अवैध निकासी की और इसे निजी ट्रेडिंग गतिविधियों में लगा दिया।
यह भी पढ़ें:- सहकारिता से आत्मनिर्भरता की ओर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा
ACB/EOW ने मामले को लेकर 17 दिसंबर 2025 को केस दर्ज किया था। उस समय विजय कुमार आहके स्पेशलाइज्ड करेंसी मैनेजमेंट ब्रांच (SCAB) के प्रमुख के पद पर पदस्थ था। यह शाखा अन्य बैंक शाखाओं को नकद आपूर्ति और करेंसी मैनेजमेंट का कार्य करती है और इसे SBI की सबसे संवेदनशील शाखाओं में गिना जाता है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक के ऐसे इंटरनल ऑफिस अकाउंट यानी सस्पेंस अकाउंट का इस्तेमाल किया, जिसकी कोई तय सीमा नहीं होती। इसी का फायदा उठाते हुए उसने करीब 8 महीनों की अवधि में फर्जी लेखा प्रविष्टियां कर रकम निकाली। निकाली गई राशि को आरोपी ने अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों में ट्रांसफर किया। (SBI Chief Manager Arrested)
रेड फ्लैग सिस्टम को ऐसे किया बाइपास
बैंकिंग सिस्टम में गड़बड़ियों को पकड़ने के लिए बनाए गए रेड फ्लैग इंडिकेटर (RFI) सिस्टम को चकमा देने के लिए आरोपी ने विशेष रणनीति अपनाई। नियमों के मुताबिक 30 दिनों के भीतर सस्पेंस अकाउंट का निपटान होना चाहिए, लेकिन आरोपी ने इससे पहले ही रकम का रोल ओवर कर दिया, जिससे सिस्टम में कोई अलर्ट जनरेट नहीं हुआ। शुरुआती महीनों में जहां 3-4 फर्जी प्रविष्टियां की गई, वहीं बाद के महीनों में इनकी संख्या कई गुना बढ़ा दी गई। (SBI Chief Manager Arrested)
क्रिप्टो और ऑप्शन्स ट्रेडिंग में लगाया बैंक का पैसा
जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध रूप से निकाली गई राशि को आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी, ऑप्शन्स ट्रेडिंग और कमोडिटी ट्रेडिंग में निवेश किया। इसके लिए उसने धन ऐप और डेल्टा एक्सचेंज जैसे ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। ACB/EOW ने आरोपी के रायपुर स्थित निवास पर की गई सर्च कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जो इस घोटाले की पुष्टि करते हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 18 दिसंबर 2025 को विजय कुमार आहके को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। ACB/EOW ने बताया कि मामले में अन्य अधिकारियों की संभावित भूमिका, सुपरवाइजरी स्तर पर हुई लापरवाही, ड्यू डिलिजेंस में हुई चूक की भी गहराई से जांच की जा रही है।



