Google Analytics —— Meta Pixel

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, नसबंदी और टीकाकरण के बाद छोड़े जाएंगे आवारा कुत्ते, शेल्टर में रहेंगे हिंसक और बीमार कुत्ते 

SC on Stray Dogs: सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों को लेकर अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने 11 अगस्त के अपने अंतरिम आदेश में संशोधन करते हुए कहा कि शेल्टर होम में रखे गए सभी स्ट्रीट डॉग्स को नसबंदी और टीकाकरण के बाद उनके मूल इलाके में वापस छोड़ा जाए। हालांकि रेबीज से संक्रमित और आक्रामक व्यवहार वाले कुत्तों को शेल्टर होम से नहीं छोड़ा जाएगा। कोर्ट ने इस दौरान स्पष्ट किया कि वह पूरे देश के लिए एक समान नियम लागू करना चाहता है और इस संबंध में सभी राज्यों को पक्षकार बनाया गया है। 

यह भी पढ़ें:- रायपुर में हेरोइन सिंडिकेट का भंडाफोड़, 57 लाख का माल जप्त

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आवारा कुत्तों को सार्वजनिक स्थलों पर खाना खिलाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए हर इलाके में अलग से भोजन स्थल निर्धारित करने का आदेश दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की घटना या परेशानी न हो। कोर्ट के इस आदेश से डॉग लवर्स ने संतोष जताया है। साथ ही फैसले का सम्मान किया है। सुप्रीम कोर्ट का मानना है कि इस कदम से आवारा कुत्तों की समस्या और इंसानों पर होने वाले हमलों की घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सकेगा। साथ ही पशु अधिकारों की भी रक्षा होगी। (SC on Stray Dogs)

फैसले के मुख्य बिंदु

  • पकड़े गए कुत्तों को नसबंदी और टीकाकरण के बाद छोड़ा जाएगा।
  • रेबीज से संक्रमित और हिंसक कुत्ते शेल्टर होम में ही रहेंगे।
  • सार्वजनिक जगहों पर कुत्तों को खाना खिलाने पर रोक। इसके लिए अलग से भोजन स्थल तय किए जाएंगे।
  • नेशनल लेवल पर पॉलिसी बनाने की जरूरत।
  • देशभर में लंबित मामलों को सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर करने का आदेश।

यह फैसला जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस एनवी अंजारिया की स्पेशल बेंच ने सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि पूरे देश के लिए एक समान नीति बनाई जाएगी और सभी राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों को इस मामले में पक्षकार बनाया गया है। अगली सुनवाई आठ हफ्ते बाद अक्टूबर में होगी। 14 अगस्त को सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त को दिल्ली-NCR के रिहायशी इलाकों से सभी आवारा कुत्तों को आठ हफ्तों में शेल्टर होम भेजने का निर्देश दिया था। (SC on Stray Dogs)

दिल्ली मेयर ने किया फैसले का स्वागत

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर SC की वकील और याचिकाकर्ता ननिता शर्मा ने कहा कि यह एक संतुलित आदेश है। कोर्ट ने इस मामले में सभी राज्यों को शामिल किया है। सभी राज्यों की सभी अदालतों में लंबित कुत्तों से जुड़े सभी मामलों को एक ही अदालत में लाया जाएगा। उन्होंने कहा है कि आम कुत्तों की नसबंदी की जाए और आक्रामक कुत्तों को बाड़ों-पशु आश्रयों में रखा जाए। कोर्ट ने कहा है कि MCD कुत्तों के लिए निर्धारित भोजन क्षेत्र बनाएगी। दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं और इसे 100% लागू करेंगे। हर कोई चाहता है कि आक्रमक कुत्तों का इलाज हो। कुत्ते हम सभी के प्रिय हैं, लेकिन जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं। एक बार पूरा फैसला पढ़कर हम उस हिसाब से इसे लागू करेंगे। (SC on Stray Dogs)

Back to top button
error: Content is protected !!